महासमुन्द

निर्वाचन अधिकारी ने चिन्हांकन कर जानबूझकर चिन्हित चिट को निकाल सरपंच की घोषणा कर दी -गीतेश्वरी देवकुमार जोशी
28-Feb-2025 3:20 PM
निर्वाचन अधिकारी ने चिन्हांकन कर जानबूझकर चिन्हित चिट को निकाल सरपंच की घोषणा कर दी -गीतेश्वरी देवकुमार जोशी

सरपंच प्रत्याशी ने पत्रकार वार्ता में लगाए आरोप 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 फरवरी।
बराबर मिले मतों के बाद निकाली चिट में पक्षपात का आरोप लगाते हुए महासमुंद जनपद क्षेत्रांतर्गत ग्राम खट्टी की प्रत्याशी गीतेश्वरी देवकुमार जोशी ने  गुरुवार को स्थानीय प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि सरपंच चुनाव की मतगणना में  अनिता मोती मेहरा चश्मा छाप और मुझे फ लों सहित नारियल पेड़ छाप, दोनों को 805-805 बराबर-बराबर मत प्राप्त हुए। मेरे अभिकर्ता ने पुन: गणना के लिये पीठासीन अधिकारी को आवेदन किया। परंतु पीठासीन अधिकारियों ने टालमटोल करते हुए आरओ के पास आवेदन करने कहा। जिसके बाद चिट निकालकर सरपंच का चुनाव किया गया। जिसमें आरोप है कि निर्वाचन अधिकारी द्वारा चिट निकाले जाने के दौरान पक्षपात और चिट का चिंहांकन कर जानबूझकर चिन्हित चिट को निकालकर सरपंच की घोषणा कर दी गई।

दूसरे दिन रिटर्निंग ऑफिसर के नाम से पुनर्गणना हेतु आवेदन किया गया। परंतु इस पर किसी प्रकार का कोई निर्णय नहीं लिया गया। 25 फरवरी को तहसीलदार द्वारा निष्पक्ष वोट निकालने की बात कही गई।

इनका आरोप है कि तहसीलदार कृष्ण कुमार साहू द्वारा दो पर्ची एक ही पैटर्न में मोडक़र डिब्बा में डाला गया। चिट निकाले जाने से पहले एक बार फिर डिब्बा से पर्ची को तुरंत खोलकर दोनों पर्ची को अलग-अलग पैटर्न में मोडक़र डिब्बा को बिना हिलाए स्वयं तहसीलदार ने चिन्हित पैटर्न वाले अनिता मोती मेहरा के पर्ची को निकालकर विजयी घोषित कर दिया। 

इनका आरोप है कि तहसीलदार ने आपत्ति के बाद भी अनिता मोती मेहरा को बिना देरी किए प्रमाण पत्र दे दिया। गीतेश्वरी ने ग्राम पंचायत खट्टी के सरपंच चुनाव परिणाम में रिटर्निंग आफिसर कृष्ण कुमार साहू द्वारा अपने संवैधानिक पद का दुरुपयोग कर पक्षपात करते हुये प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए उक्त परिणाम को निरस्त कर दोबारा पुनर्गणना या पुन: चिट निकालने की मांग की है।


अन्य पोस्ट