महासमुन्द

वल्लभाचार्य कॉलेज में पोस्टर मेकिंग स्पर्धा में लीना प्रथम
27-Feb-2025 3:55 PM
 वल्लभाचार्य कॉलेज में पोस्टर  मेकिंग स्पर्धा में लीना प्रथम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 फरवरी।
छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी परिषद रायपुर व राष्ट्रीय विज्ञान एवं संचार परिषद नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद में प्राचार्य प्रो. करुणा दुबे के मार्गदर्शन एवं इस कार्यक्रम के संयोजक प्रो.मनीराम धीवर के निर्देशन व विज्ञान संकाय प्रभारी डॉ. ईपी चेलक के सहयोग से जिला स्तरीय पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता समाप्त हुई। 

28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में यह 5 दिवसीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का जिला स्तरीय कार्यक्रम विज्ञान संकाय के समस्त विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया। 

इस वर्ष राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का थीम विकसित भारत को लेकर था। बीते 24 फरवरी को महाविद्यालय के प्राणी शास्त्र विभाग द्वारा साइंस पर आधारित बायो डायवर्सिटी, वाटर हार्वेस्टिंग, प्रदूषण नवाचार विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रतियोगिता के प्रभारी के रूप में प्रियंका सोनवानी विभागाध्यक्ष प्राणिशास्त्र थे। उक्त प्रतियोगिता में विज्ञान संकाय के कुल 16 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में प्राचार्य एवं संयोजक के द्वारा समस्त प्रतिभागियों के पोस्टर का निरीक्षण किया गया। 
साथ ही निर्णायक के रूप में नम्रता तंबोली अतिथि व्याख्याता रसायनशास्त्र गौरव कुमार सोनी, अतिथि व्याख्याता गणित एवं प्रकाशमणि साहू जनभागीदारी व्याख्याता रसायनशास्त्र थे। जिन्होंने प्र्रतिभागियों द्वारा बनाए पोस्टर का निरीक्षण किया। उक्त प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद की छात्रा लीना साहू बीएससी अंतिम वर्ष रही। द्वितीय स्थान पर भूमिका दुबे एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर गणित, तृतीय स्थान पर लक्ष्मी चंद्राकर एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर रसायन शास्त्र रहीं। 

प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को कल 28 फरवरी राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के दिन शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद में मुख्य अतिथियों के द्वारा प्रतीक चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में डॉ. प्रियंका चक्रधारी सहायक प्राध्यापक, कोमल साहू प्रयोगशाला तकनीशियन, संदीप यादव प्रयोगशाला परिचारक सहित विज्ञान संकाय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थियों का सहयोग रहा।
 


अन्य पोस्ट