महासमुन्द

रामदर्शन पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव, मोहा मन
27-Feb-2025 3:33 PM
रामदर्शन पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव, मोहा मन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 27 फरवरी।
रामदर्शन पब्लिक स्कूल, जंघोरा में आयोजित वार्षिक समारोह ‘अभिव्यक्ति 2025’ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीओपी अजित ओगरे थे। कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

समारोह में मुख्य अतिथि अनुविभागीय पुलिस अधिकारी ( एसडीओपी) अजीत ओगरे ने उपस्थित दर्शकों एवं बच्चों को सम्बोधित करते हुए सोशल मीडिया के अत्यधिक प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सीख दी। उन्होंने अपनी संघर्षपूर्ण यात्रा साझा करते हुए बताया कि कैसे एक साधारण व्यक्ति भी अपने दृढ़ संकल्प और ईमानदारी से असाधारण उपलब्धियाँ हासिल कर सकता है। उनकी प्रेरणादायक बातें बताई।

इसके पूर्व सैकड़ों दर्शकों की उपस्थिति में स्कूल के छात्र छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सब का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में माँ सरस्वती की वंदना कर कक्षा 7वीं और 8वीं के विद्यार्थियों ने अपने मधुर स्वरों से वातावरण को आध्यात्मिकता से भर दिया। इसके बाद, स्वागत गीत ने कार्यक्रम में जोश और उल्लास भर दिया। मंच की असली रौनक तब बढ़ी जब नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मासूमियत से भरी प्रस्तुतियाँ दीं। नर्सरी और एलकेजी के छात्रों ने अपने मनमोहक नृत्य के माध्यम से माता-पिता के प्रति प्रेम और कृतज्ञता प्रकट की, जबकि कक्षा 1 के विद्यार्थियों ने ‘गीता सार’ पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर जीवन के मूलभूत सिद्धांतों को सरलता से समझाया।कक्षा 10 के विद्यार्थियों ने भारत के प्रतिष्ठित उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन और संघर्षों को दर्शाने वाली एक प्रेरणादायक प्रस्तुति दी, जिसने हर किसी के मन को छू लिया। उनकी कहानी केवल एक सफलता की गाथा नहीं थी, बल्कि यह सिखाने वाली थी कि कैसे सादगी, समर्पण और नवाचार किसी व्यक्ति को महान बना सकता है।

इसके अलावा कार्यक्रम में विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियाँ शामिल रहीं। छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, ओडिय़ा सांस्कृतिक प्रस्तुति, हास्य नाटक, और दक्षिण भारतीय रीमिक्स डांस जैसे विविध कार्यक्रमों ने दर्शकों को लगातार बांधे रखा। लेकिन जो प्रस्तुति सबसे ज्यादा भावनात्मक रही, वह थी कक्षा 5 के विद्यार्थियों द्वारा अपने दादा-दादी और नाना-नानी को समर्पित विशेष नाटक। इस नाटक ने बुजुर्गों के प्रति सम्मान और उनकी अनमोल सीखों के महत्व को भावुक कर देने वाले अंदाज में प्रस्तुत किया,।

कार्यक्रम के अंत में रामदर्शन पब्लिक स्कूल की चेयरमैन कविता अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, हम केवल पाठ्यक्रम की शिक्षा नहीं देते, बल्कि यह भी सिखाते हैं कि जीवन में सफलता के साथ संस्कार और अनुशासन भी उतने ही आवश्यक हैं।यह कार्यक्रम केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारे विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और उनकी भावनाओं का उत्सव है।

 


अन्य पोस्ट