महासमुन्द
बंसोंड़ परिवारों को मजबूरी में बाहर से 200 से 300 रुपए के हिसाब से बांस खरीदना पड़ रहा
करील के शौकीनों की वजह से भी बांस उत्पादन खत्म होने की आशंका
उत्तरा विदानी
महासमुंद, 27 फरवरी(‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता )। गुणवत्ता युक्त बांस नहीं मिलने की वजह से अब बांस की टोकरियां तथा अन्य कलात्मक वस्तुएं बनाने वाले बांस कलाकारों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट मंडराने लगा है। शासन की ओर से बांस कलाकारों को सालाना 15 सौ बांस दिये जाने का प्रावधान है। लेकिन महासमुंद जिले में बांस की लगातार घटती खेती ने बंसोड़ बनाम कंडरा परिवारों की आजीविका छीन ली है। जंगल में कम बांसों के बावजूद लोग बरसात में बांस के भ्रूण मतलब करील को तोडक़र सब्जी के रूप में खा देते हैं, सो अलग। फलस्वरूप बांस तैयार नहीं हो पा रहा है।
यहां के बंसोड़ परिवारों के लिए पहले कांकेर और जगदलपुर की ओर से भी बांस मंगाये जाते थे। लेकिन अब यहां से भी बांस आने बंद हो गये हैं। अत: बंसोंड परिवारों को मजबूरी में बाहर से 200 से 300 रुपए नग के हिसाब से बांस खरीदना पड़ रहा है। महंगे दाम पर भी बंसोड़ों को महज 200 बांस सालाना बमुश्किल मिल पाता है। इतने कम बांस में उन्हें अपनी रोजी-रोटी निकालने में परेशानी हो रही है।
बांस कलाकारों का कहना है कि अब 6.50, 5.50, 30 साइज वाले बांस आने ही बंद हो गए हैं। फलस्वरूप विवाह, मृत्यु संस्कार सहित अन्य कार्यों के लिए बनाए जाने वाले उत्पाद महंगे भी हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के बांसों के कोपलों की जिस तरीके से कटाई हो रही है, उससे भविष्य में बांस का उत्पादन खत्म होने की आशंका है।
जानकार बताते हंै कि विभागीय स्तर पर बांस की कटाई 4 साल में होती है जिसके बाद नए बांस का रोपण शुरू होता है। लेकिन एक-दो साल में ही बांस की अंधाधुंध कटाई हो रही है। तेजी से बढ़ते प्लास्टिक वस्तुओं के प्रचलन ने जिले में बंसोड़ जनजाति बांस के सामने रोजगार की समस्या उत्पन्न कर रखी है। वहीं जिले में बांस की कमी इस जनजाति के लिए दोहरी मुसीबत साबित हो रही है। बांस के इन कलाकारों को पड़ोसी जिले पर आश्रित रहना पड़ रहा है। अपने पारंपरिक पेशे को बचाए रखने के लिए इस जनजाति के लोग बांस प्राप्त करने के लिए कई किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं। वह बांस भी काम के लायक रहेंगे, इसकी भी गारंटी नहीं है।
बांस से बनने वाली सूपा, पेटी, टोपी, चटाई, गिलास, थाली पर इनके बेहतरीन कलाकारी देखी जा सकती है। बांस की कलाकारी इस जनजाति का पारम्परिक व्यवसाय है। बांस की अनोखी कलाकारी जनजाति के लोगों को विरासत में मिली है। लेकिन प्लास्टिक समान के बढ़ते प्रचलन ने बंसोड़ जनजाति के सामने रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न कर दी है। और तो और राजीव गांधी बांस मिशन भी जिले में सफल नहीं हो सकी है।
ग्राम खैरा निवासी राकेश कंडरा, कृष्ण कुमार कंडरा ने बताया कि महासमुंद में पहले 30-40 रुपए में एक नग बांस मिल जाया करता था। वहीं राजीव गांधी बांस मिशन के तहत प्रत्येक परिवार को 1500 नग सालाना बांस उपलब्ध कराया जा रहा था। लेकिन अब जिले में बांस का मिलना बिल्कुल बंद हो चुका है। वहीं ठेकेदारी के तहत मिलने वाले बांस की कीमत 200 से 300 रुपए प्रति नग पड़ रहा है। इस कीमत ने ही इन कलाकारों की रोजी-रोटी पर पानी फेर दिया है।
बताया कि समुदाय को किसी भी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। अब ये कलाकार केवल परंपरा का निर्वहन ही कर रहे हैं।
ग्राम खैरा निवासी त्रिवेणी बाई कंडरा ने बताया कि पेटी, थाली, गिलास जैसी वस्तुओं की मांग पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। ले देकर सूपा, दौली जैसे कुछ एक वस्तुओं को साप्ताहिक बाजार के साथ आसपास के गांवों में बेचकर किसी तरह परिवार का पेट पाल रहे हैं। आर्थिक बदहाली की मार झेल रहे बंसोड़ों परिवार पूरी तरह सरकारी योजना के तहत मिलने वाली सहायता पर आश्रित हैं।