महासमुन्द
जीत की बधाईयां मिल चुकी थी, दोनों ही जिपं अध्यक्ष बनने लाबी तैयार कर रहे थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,26फ रवरी। जिला पंचायत चुनाव में कल रीटेबुलेशन (दोबारा सारणीकरण) के बाद चौंकाने वाले परिणाम सामने आए हैं। यहां रीटेबुलेशन के बाद जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 से भाजपा समर्थित प्रेम चंद्राकर तथा क्रमांक 4 से भाजपा के ही हितेश चंद्राकर को हार को सामना करना पड़ा है।
23 फरवरी को मतदान और मतगणना के बाद दोनों को ही जीत की बधाईयां फेसबुक और सोशल मीडिया में मिली थीं। दोनों ने ही जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए लाबिंग शुरू कर दी थी कि कल ऐन वक्त पर उनके निकटतम प्रतिद्वंदियों ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। कल रिटर्निंग आफिसर को प्रेम चंद्राकर की जीत को जुगनू जागेश्वर चंद्राकर ने तथा हितेष चंद्राकर की जीत को नैन पटेल ने चुनौती देते हुए रिटेबुलेशन के लिए आवेदन दिया।
नैन पटेल के आवेदन को रिटनिंग ऑफिसर ने सहज ही ले लिया, लेकिन जुगनू चंद्राकर को एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ा। जुगनू ने भी सोशल मीडिया का सहारा लिया और बात फैलाई कि यदि उनके मतों को रिटेबुलेशन नहीं होता है तो जिला पंचायत में ही धरने पर बैठ जाएंगे। बहुत देर तक जिला पंचायत के सीईओ ने मन का भड़ास निकाली और जुगनू के लिए जिला पंचायत में पुलिस दस्ता भी बुला लिया। आखिर में रिटनिंग ऑफिसर को जुगनू की बात बात मानना पड़ी। तब तक दोपहर के दो बज चुके थे और जुगनू लगातार जिला पंचायत के अधिकारियों और कलेक्टर का चक्कर लगा रहे थे। अत: दो बजे ही डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा की टीम ने जुगनू और नैन पटेल को मिले मतों का टेबुलेशन शुरू किया और शाम चार बजे तक दोनों को प्राप्त मतों की गिनती पूरी हो गई।
चूंकि कल जिला पंचायत में विजयी प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र मिलना था। अत: दोपहर 12 बजे से हितेष चंद्राकर भाजपा प्रतिनिधियों की टीम के साथ जिला पंचायत पहुंच चुके थे। थोड़ी देर बाद प्रेम चंद्राकर भी अपनी टोलियों के साथ पहुंचे थे। दोनों के अलावा और भी प्रतिनिधि अपने साथियों संग पहुंचने लगे।
तभी उन्हें पता चला कि नैन पटेल और जुुगनू ने रिटेबुलेशन की मांग की है। जैसे ही रिटेबुलेशन शुरू हुआ, हितेष और प्रेम चंद्राकर अपने साथियों संग जिला पंचायत से बाहर चले गये तो शाम तक लौटे ही नहीं। आखिर में शाम पांच बजे सीईओ एस आलोक ने सभी विजयी सदस्यों को प्रमाण-पत्र जारी किया।
कल कृषि उपज मंडी में रिटेबुलेशन के दौरान जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक एक के जागेश्वर जुगनू चंद्राकर को कुल 9180 मत मिले जबकि प्रेम चंद्राकर को 9149 मतों पर संतुष्ट होना पड़ा। ऐसे में जागेश्वर जुगनू चंद्राकर 31 मतों से विजयी हो गए। इसी तरह जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 4 से नैन पटेल को रिटेबुलेशन में 12106 मत तथा हितेश चंद्राकर को 12012 मत मिले। ऐसे में नैन पटेल 34 मतों से विजयी हुए।
कल शाम जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 1, 2, 3 व 4 के सारिणीकरण एवं परिणाम की घोषणा की गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी एस.आलोक ने जिला पंचायत सभा कक्ष में महासमुंद जनपद पंचायत के नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को आधिकारिक रूप से प्रमाण पत्र प्रदान किया।
महासमुंद जनपद पंचायत में 23 फरवरी को तीसरे चरण का मतदान संपन्न हुआ था। जिसके बाद मतगणना की प्रक्रिया पूरी की गई। 25 फरवरी को जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 1, 2, 3 व 4 का सारणीकरण कर विजयी प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा की गई। जिसमें क्षेत्र क्रमांक 01 से जागेश्वर जुगनू चंद्राकर, क्षेत्र क्रमांक 02 से सृष्टि अमर चंद्राकर, क्षेत्र क्रमांक 03 से देवकी पटेल और क्षेत्र क्रमांक 04 से नैन पटेल शामिल हंै। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी आशीष कर्मा, डिप्टी कलेक्टर मिसा कोसले सहित अन्य संबंधित अधिकारी, विजयी अभ्यर्थी एवं उनके अभिकर्ता उपस्थित रहे।
25 फरवरी को जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 1, 2, 3 व 4 का सारणीकरण कर विजयी प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा की गई। इसमें क्षेत्र क्रमांक 01 से जागेश्वर जुगनू चंद्राकर, क्षेत्र क्रमांक 02 से श्रृष्टि अमर चंद्राकर, क्षेत्र क्रमांक 03 से देवकी पटेल और क्षेत्र क्रमांक 04 से नैन पटेल शामिल है। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी आशीष कर्मा एडिप्टी कलेक्टर मिसा कोसले सहित अन्य संबंधित अधिकारी, विजयी अभ्यर्थी एवं उनके अभिकर्ता उपस्थित रहे।
जुगनू चंद्राकर ने अपनी याचिका में कहा था-जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 01 में 23 फरवरी को मतदान हुआ। जिसकी मतगणना 24 फरवरी को सम्पन्न हुई है। जिसमें मैं जागेश्वर जुगनू चंद्राकर महज पांच वोटों से जीत से पीछे रह गया। बड़े पैमाने पर मतपत्रों को अवैध कर दिया गया है। मतगणना के दौरान बूथ क्रमांक 28, 29, 30, 31, 32, 33, 39,40, 41, 42, 43, 44, 55, 56, 57, 62, 63 एवं 80 में रोशनी की कमी के कारण चुनाव चिन्ह स्लेट छाप में लगे मुहर अच्छे से दिखाई नहीं दे रहा था।
मैंने तब भी पीठासीन के समक्ष पर्याप्त रोशनी एवं चिन्ह प्रदर्शन की मांग की थी। परंंतु पीठासीन अधिकारी ने मेरेनिवेदन को अस्वीकार कर दिया। मेरे मतगणना अभिकर्ता को बलपूर्वक मतगणना स्थल से बाहर कर दिया गया। मुझे उम्मीद है कि खारिज मतपत्रों की पुन: गिनती से मुझे प्राप्त मतों की संख्या में वृद्धि होगी। अंतर केवल पांच वोट का है और पुन: गणना होने से मेरी जीत निश्चित है।