महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,25 फ रवरी। बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से बकाया राजस्व वसूली के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसमें वी. बीएस कंवर अधीक्षण अभियंता महासमुंद वृत्त के निर्देशन में गठित टीम ने बिरकोनी वितरण केंद्र अंतर्गत 26 लाख 51 हजार 57 रुपए बकाया वाले 82 उपभोक्ताओं का लाइन विच्छेन किया है।
अधीक्षण अभियंता महासमुंद वृत्त श्री कंवर ने बताया कि उपभोक्ताओं से बिजली बिल जमा करने लगातार अपील की जा रही है। साथ ही नियमित बिल जमा करने जागरूक कर अधिभार तथा अनावश्यक परेशानियों से बचने समझाइश दी जा रही है।
इसके अलावा अनेक दफे स्मरण तथा चेतावनी के बाद भी बिजली बिल जमा नहीं करने वाले बकाएदारों का कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की जा रही है। इसी कड़ी में कल 24 फरवरी 2025 को टीम ने राजस्व वसूली हेतु बिरकोनी वितरण केंद्र के अंतर्गत लंबित बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं का सामूहिक रूप से लाइन विच्छेदन किया है।
इस दौरान बिरकोनी वितरण केंद्र के कुल बकाया राशि रुपए 26 लाख 51 हजार 057 वाले 82 उपभोक्ता जिनमें सहदेव, शैताल दास, हरिराम, बुधराम केवट मुस्की, कमलेश्वरी निषाद गोपालपुर, टेमन चंद्राकर, दाऊलाल, इंदल सिंघ, माधव यादव परसवानी, सेवाराम मानिकपुरी, परदेसी चंद्राकर, दुलारीबाई यादव बेलसोंडा एवं अन्य के लाइन विच्छेदन किया गया। लाइन विच्छेदन उपरांत 25 उपभोक्ताओं द्वारा कुल 3 लाख 98 हजार 980 रुपए का भुगतान किया गया है। श्री कंवर ने बताया कि राजस्व वसूली की कार्यवाही निरंतर आगे भी जारी रहेगी।
लाइन विच्छेदित उपभोक्ताओं द्वारा यदि अनाधिकृत लाइन जोड़ी जाती है तो विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत कार्रवाई की जाएगी। असुविधा से बचने के लिए बकाया बिजली बिल की राशि हर माह भुगतान करें।