महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 फ रवरी। महासमुंद जिले में चोरों ने इस बार एक शिक्षक के घर को निशाना बनाया है। सांकरा थाना क्षेत्र के श्यामनगर में शिक्षक देवनाथ पटेल के घर से 10 लाख से अधिक की चोरी हुई है।
देवनाथ पटेल अपनी पत्नी के साथ 21 फरवरी को प्रयागराज कुंभ में स्नान के लिए गए थे। वे 24 फरवरी को वापस लौटे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोर अलमारी का ताला तोडक़र लॉकर से साढ़े 12 तोला सोने के गहने और 35 हजार रुपए नगद ले गए हैं। चोरी गई सोने के गहनों की कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।