महासमुन्द

प्री-बोर्ड रिजल्ट ने स्कूलों की खोली पोल: दसवीं में 28, बारहवीं में 21 फीसदी फेल, औसत 20 फ ीसदी विद्यार्थी ही प्रथम श्रेणी में
24-Feb-2025 2:15 PM
प्री-बोर्ड रिजल्ट ने स्कूलों की खोली पोल: दसवीं में 28, बारहवीं में 21 फीसदी फेल, औसत 20 फ ीसदी विद्यार्थी ही प्रथम श्रेणी में

 अधिकांश सरकारी स्कूलों में सिलेबस पूरे नहीं, कक्षा लगने की अवधि में इस साल करीब एक महीने की कटौती हुई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 फ रवरी। प्री बोर्ड की परीक्षाओं में बच्चों को मिलने वाले नंबरों ने स्कूलों में अध्यापन और अध्ययन दोनों की पोल खोल दी है। अब पता चला है कि अधिकांश सरकारी स्कूलों में सिलेबस पूरे नहीं करवाए जा सके हैं। इस तरह साल भर में 220 दिन कक्षाएं लगाने की अनिवार्यता शासन के निर्देश के बाद भी पूरी नहीं हो पाई है। जिसका सीधा असर प्री बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम के जरिए सामने आया है।

विभागीय जानकारी अनुसार जिले में दसवीं और बारहवीं के छात्रों के लिए बोर्ड परीक्षाओं से पहले शिक्षा विभाग द्वारा ली गई प्री बोर्ड परीक्षाओं में क्रमश: 71.95 तथा 78.15 फीसदी छात्र ही उत्तीर्ण हो पाए हैं। जबकि प्रथम श्रेणी में उतीर्ण होने वाले छात्रों का प्रतिशत महज 18.44 व 20.94 है। कमजोर छात्रों के लिए रेमेडियल कक्षाओं के संदर्भ में शिक्षा विभाग की मानें तो जानकारी जुटाई जा रही है। अनिवार्य रूप से स्कूल संचालित नहीं होने के पीछे यह बातें सामने आई हैं कि कई ऐसे त्यौहार हैं जिसमें स्कूलों को छुट्टी के अलावा शिक्षकों का अन्य कार्यों में ड्यूटी लगाया जाना आदि है। कक्षा लगने की अवधि में इस साल तकरीबन एक महीने की कटौती होने की बात सामने आई है।  इन छुट्टियों का असर शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ा है। लेकिन शिक्षा विभाग इसे लेकर गंभीर नहीं है। यही कारण है कि स्कूलों में ज्यातर कक्षाओं के सिलेबस पूरे नहीं करवाए जा सके हैं। गौरतलब है कि जिले के 178 शासकीय स्कूलों में दसवीं की दर्ज संख्या 8849 है जिसमें से 8368 छात्र ही प्री बोर्ड एग्जाम में शामिल हुए। दसवी के प्री बोर्ड के परिणाम पर चर्चा करें तो 8368 छात्रों में केवल 1543 छात्र ही प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हो पाए हैं। वहीं द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों की संख्या 2132 तथा तृतीय श्रेणी में पास होने वाले छात्र 2346 है। कुल छात्रों की संख्या में से केवल 6021 छात्र ही पास हो पाए हैं। इसी प्रकार कक्षा बारहवी के लिए जिले के 117 शासकीय स्कूलों में दर्ज संख्या 6307 है जिसमें से 5945 छात्र एग्जाम में शामिल हुए। बारहवी के परिणामों पर नजर डालें तो 6307 छात्रों में केवल 1245 छात्र ही प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हो पाए है। वहीं द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों की संख्या 1869 तथा तृतीय श्रेणी में पास होने वाले छात्र 1532 है। कुल छात्रों की दर्ज संख्या में केवल 4646 छात्र ही पास हो पाए है। इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी महासमुन्द मोहन राव सावंत का कहना है कि 5वीं और 8वीं इसी साल से बोर्ड है लेकिन तैयारी नहीं हैं। 11 साल के बाद 5वीं और 8वीं कक्षा को दोबारा बोर्ड में शामिल किया गया है। सालों बाद यह पहली बार है जब पांचवीं और आठवीं के छात्र बोर्ड परीक्षाएं देंगे। लेकिन इसके हिसाब से इन कक्षाओं की तैयारी नहीं है।


अन्य पोस्ट