महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,23 फरवरी। पिथौरा के एक जमीन घोटाले में पटेवा पुलिस ने जमीन दलाल पुन्नू उर्फ फुन्नू अग्रवाल उर्फ लक्ष्मीनारायण अग्रवाल निवासी लहरौद पिथौरा तथा मुकेश अग्रवाल निवासी झलप थाना पटेवा को कल गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया है।
इस मामले में रामअवतार अग्रवाल लाखे नगर रायपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर पटेवा पुलिस ने धारा 406, 420, 467, 468, 471, 34 के तहत धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया था। मामले में श्री अग्रवाल से 35.88 लाख रुपए लेकर उन्हें भूमि स्वामियों को शासन से प्रदत्त शासकीय भूमि बिना वैध अनुमति के कूटरचना करते हुए बेच दी थी। मालूम हो कि जमीन दलाल फुन्नू उर्फ लक्ष्मीनारायण अग्रवाल तथा मुकेश अग्रवाल को पुलिस टीम ने लहरौद पिथौरा स्थित उनके निवास से कल गिरफ्तार किया था। बाद में शाम को दोनों ही आरोपियों को जिला जेल दाखिल किया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी रामअवतार अग्रवाल ने शिकायत में बताया था कि उक्त दोनों आरोपियों ने ग्राम चिरको पहनंबर.19 रानिम पटेवा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी अलग-अलग खसरा नंबरों की करीब 3.02 हेक्टेयर कृषि भूमि का सौदा उनके साथ किया था। सौदे के अनुसार उन्हें उक्त रकम का भुगतान किया गया था। बाद में 19 जनवरी 2011 को खसरा नंबर.1503 को छोडक़र सभी का रजिस्ट्री अपने एवं अपनी पत्नी रश्मि के नाम पर टुकड़ों में कर लिया। रजिस्ट्री के दिन 2 लाख 13 हजार 200 रुपए रजिस्ट्री के लिए प्रार्थी ने मुकेश व पुन्नू उर्फ फुन्नू अग्रवाल को दिए थे। प्रार्थी का कहना है कि पंजीयन कराकर कब्जा भी प्राप्त कर लिया था और बाद में रजिस्ट्री के मुताबिक मेरे व पत्नी रश्मि के नाम से नामांतरण भी हो गया। मैं और मेरी पत्नी विक्रेता गोविंद राम अग्रवाल,सरस्वती अग्रवाल, लाजवंती अग्रवाल, अमरूत सतनामी, कौशिल्या बाई सतनामी से रजिस्ट्री के समय ही मिले थे। इनके साथ सौदा कराने में मुकेश अग्रवाल झलप, पुन्नू उर्फ फुन्नू उर्फ लक्ष्मीनारायण अग्रवाल निवासी लहरौद पिथौरा राजू अग्रवाल पिथौरा,राजेश पिता किशोरी लाल साहू शारदा चौक, आरडीए बिल्डिंग के पीछे रायपुर की उपस्थिति, हस्ताक्षर उपरांत लिखित एग्रीमेंट के आधार पर सौदा किया था।
गौरतलब है कि महासमुंद में जमीन घोटाले का यह मास्टरमाइंड 15 साल बाद गिरफ्तार हुआ है। बताया जा रहा है कि कलेक्टर के रीडर की मदद से फर्जी आदेश के जरिए उन्होंने 109 आदिवासी और सरकारी जमीन बेचा है। आरोपी लक्ष्मीनारायण अग्रवाल उर्फ फुन्नू सेठ है। आरोपी पिथौरा का रहने वाला है और जमीन खरीदफरोख्त में एजेंट का काम करता है। यह घोटाला वर्ष 2010-11 में हुआ था, जब आरोपी ने कलेक्टर के फर्जी आदेशों का इस्तेमाल किया था। बताया जा रहा है कि इसके जरिए आरोपी फुन्नू सेठ ने 109 आदिवासी और सरकारी जमीनों की खरीदी.फरोख्त की। इसमें उसे तत्कालीन कलेक्टर एसके तिवारी के रीडर भगतराम रात्रे की मदद ली थी। आरोपी फुन्नू ने फर्जी आदेशों की मदद से आदिवासियों और सरकार की जमीनों को बेचा है। जिससे न केवल आदिवासियों को नुकसान हुआ, बल्कि सरकारी संपत्तियों की भी हानि हुई। इस घोटाले का खुलासा होने के बाद प्रशासन ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जमीन घोटाला की जांच के लिए बनी कमेटी के सामने जांच के दौरान यह सामने आया कि रजिस्ट्री के लिए कलेक्टर के आदेश फर्जी थे। इसके बाद एक जांच कमेटी बनाई गई। कमेटी ने जांच के बाद लक्ष्मीनारायण अग्रवाल उर्फ फुन्नू सेठ को जमीन घोटाले का मुख्य आरोपी बनाया है।
जांच कमेटी ने प्रशासन को दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया तो पुलिस ने लक्ष्मीनारायण अग्रवाल उर्फ फुन्नू सेठ को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ धारा 406, 420, 467, 468, 471, 34 और 120बी के तहत केस दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बताना जरूरी है कि इस मामले में जमीन घोटाले में मदद करने वाले कलेक्टर के रीडर भगतराम रात्रे ने दो-तीन साल बाद फर्जीवाड़े की जानकारी सामने आने के बाद ही कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में तत्कालीन कलेक्टर आर संगीता ने सख्त कदम उठाते हुए कई आदिवासियों को उनकी भूमि वापस दिलवायी थी। इसके अलावा, सरकारी जमीनों को शासन के मद में वापस किया गया। हालांकि कुछ मामले अभी भी लंबित हैं और प्रशासन ने इन मामलों पर विशेष ध्यान देने का आश्वासन दिया है।