महासमुन्द

महासमुंद जनपद क्षेत्र के 105 पंचायतों में कल वोटिंग, मतदान दल रवाना
22-Feb-2025 8:29 PM
महासमुंद जनपद क्षेत्र के 105 पंचायतों में कल वोटिंग, मतदान दल रवाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 22 फरवरी। महासमुंद जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के तीसरे व अंतिम चरण का मतदान 23 फरवरी को संपन्न होगा। इस चरण में महासमुंद ब्लॉक के 03 जिला पंचायत सदस्य, 25 जनपद सदस्य, 102 सरपंच और 853 पंच पदों के लिए मतदान होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में महासमुंद जनपद की सभी 105 ग्राम पंचायतों के 279 मतदान केंद्रों में निर्वाचन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।

महासमुंद जनपद पंचायत के रिटर्निंग अधिकारी कृष्ण कुमार साहू ने बताया कि आज 22 फरवरी को कृषि उपज मंडी पिटियाझर से मतदान सामग्री का वितरण कर 279 मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया है। मतदान कार्य में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारी आज सुबह से ही सामग्री वितरण केन्द्र कृषि उपज मंडी पिटियाझर में पहुंचे। मतदान सामग्री को प्राप्त कर उसका मिलान किया और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए गंतव्य की ओर रवाना हुे। मतदान की प्रक्रिया कल 23 फरवरी की सुबह 7 बजे से शुरू होगी और दोपहर 3 बजे तक चलेगी।

 उन्होंने बताया कि मतदान के बाद पंच,सरपंच और जनपद सदस्य के लिए मतगणना होगी। लेकिन अधिकृत रूप से 25 फरवरी को इसका सारिणीकरण किया जाएगा। वहीं जिला पंचायत सदस्य पद के लिए भी 25 फरवरी को ही सारिणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा की जाएगी। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

महासमुंद जनपद पंचायत की सभी ग्राम पंचायतों में कल शुक्रवार की शाम से चुनाव प्रचार प्रसार थम गया है। अब प्रत्याशी डोर टू डोर बिना शोर प्रचार कर रहें हैं। जनपद पंचायत महासमुंद अंतर्गत एक लाख 70 हजार 607 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाता 83 हजार 558 व महिला मतदाता 87 हजार 49 हैं। जनपद पंचायत महासमुंद में जिला पंचायत सदस्य की संख्या 03, जनपद पंचायत सदस्यों की संख्या 25, सरपंचों की संख्या 105 एवं पंचों की संख्या 1413 है। जिसमें से 560 पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। वहीं सरपंच के 03 पद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। निर्वाचन लडऩे वाले अभ्यर्थियों में पंच के लिए 2124, सरपंच के लिए 470, जनपद सदस्य के लिए 130 अभ्यर्थी, जिला पंचायत सदस्य के 20 अभ्यर्थी मैदान में हैं।


अन्य पोस्ट