महासमुन्द

अपनी बारी का इंतजार करते ग्रामीण मतदाता कतार में, टेंट-पेड़ों की छांव में मिले
21-Feb-2025 2:34 PM
अपनी बारी का इंतजार करते ग्रामीण मतदाता कतार में, टेंट-पेड़ों की छांव में मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,21 फरवरी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण का चुनाव गुरुवार को हुआ। कल बागबाहरा विकासखंड के 228 केंद्रों में मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक हुआ। इस दौरान कई मतदान केंद्रों में लम्बी कतार थी। अत: देर शाम तक मतदान जारी रहा। इसके चलते समचार लिखते तक मतदान प्रतिशत की सही जानकारी नहीं मिल पायी है। कल मतदान के दौरान कलेक्टर ने मतदान केंद्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत एस.आलोक, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, एसडीएम बागबाहरा उमेश कुमार साहू, एसडीओ पी मिलिंद पाण्डे मौजूद थे। 

जानकारी मिली है कि इस पंचायती महापर्व में मतदाताओं ने बढ़ चढक़र हिस्सा लिया। कल के चुनाव में 75 प्रतिशत से ज्यादा मतदान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसका प्रतिशत अभी भी बढऩे की उम्मीद है। यहां सभी मतदान केंद्रों में मतदान शांति पूर्ण तरीके से हुआ। शाम तक मतदान के बाद मतगणना की प्रक्रिया चालू की गई। 

बकमा में 3 बजे के बाद भी बड़ी संख्या में मतदाता लाइन लगा कर टेंट के नीचे बैठ कर व लेट कर अपनी थकान दूर करते हुये अपनी पारी का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान कोई पेड़ के नीचे, कोई टेंट की छांव में तो कोई मंदिर तालाबों के आसपास बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते मिले। जिला प्रशासन ने बागबाहरा जनपद क्षेत्र 228 मतदान केंद्र को 15 सेक्टरों में बांटा था। केंद्रों में सुविधा व सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। समाचार लिखते तक कहां से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली है। 

मतदान का बहिष्कार
पूर्व चुनावों की तरह कोल्दा के ग्रामीणों ने कन्हारपुरी पंचायत से कोल्दा को अलग करने की मांग को लेकर कल भी मतदान का बहिष्कार किया। बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम कोल्दा के सभी 650 मतदाताओं ने कल वोट नहीं डाला। मतदान केंद्र में मतदान दल निर्धारित अंतिम समय 3 बजे तक मतदाताओं की राह देखता रहा। लेकिन यहां एक भी मतदाता मत डालने नहीं पहुंचा।

शाम 7 बजे तक मतदान
तेंदूकोना, सम्हर, कोमाखान, शिकारीपाली, भुरकोनी समेत अनेक गांवों में शाम 7 बजे तक मतदान चलता रहा।
 


अन्य पोस्ट