महासमुन्द

बूचडख़ाना ले जाते 20 मवेशियों की गौ सेवा समिति ने जान बचाई
20-Feb-2025 4:47 PM
बूचडख़ाना ले जाते 20 मवेशियों की  गौ सेवा समिति ने जान बचाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 फरवरी।
रामराज परिवार गौ सेवा समिति सरायपाली के सदस्यों ने क्रूरतापूर्वक ओडिशा के बूचडख़ाना ले जाए जा रहे 20 मवेशियों की जान बचाई। मामले में सिंघोड़ा पुलिस ने एक युवक पर कार्रवाई की है।

पुलिस ने बताया कि 19 फरवरी को प्रार्थी मयंक शर्मा वार्ड नंबर 15 सरायपाली थाना सरायपाली जिला महासमुंद अध्यक्ष रामराज परिवार गौ सेवा समिति सरायपाली ने थाने में आकर आवेदन प्रस्तु किया कि परसकोल जंगल के पास एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से 20 नग मवेशियों को मारते पीटते हुए क्रूरतापूर्वक वध करने के लिए छ.ग. राज्य से ओडिशा राज्य ले जाया जा रहा है।

उसके बाद प्रार्थी और गौ समिति के सदस्य साथी उपेन्द्र बंजारा, जयप्रकाश बंजारा, साहिल पटनायक नवीन देवता एवं नवीन सिंह ठाकुर के साथ ग्राम परसकोल जंगल के पास गये। जहां आरोपी व्यक्ति से पूछताछ की जिस पर उसने अपना नाम सुमीत श्रीवास सारंगढ़ का निवासी होना बताया। उक्त मवेशियों के संबंध मे पूछताछ करने पर आरोपी ने छ.ग. राज्य से ओडिशा राज्य हांकते हुए बूचडख़ाना ले जाना बताया।

मामले में रिपोर्ट पर सिंघोड़ा थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 4,6,10 छ.ग. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।


अन्य पोस्ट