महासमुन्द
अब तक शासन ने 4 बार तारीखें बढ़ाई, बावजूद काम अब भी पेंडिंग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 फरवरी। राशन कार्डधारियों का ई.केवाईसी करना खाद्य विभाग के लिये अब सिर दर्द साबित होता जा रहा है। यही स्थिति राशन कार्डों के नवीनीकरण की भी है। एक ओर खाद्य विभाग लगातार राशन कार्डों का नवीनीकरण तथा सदस्यों के ई-केवाईसी के लिये पसीना बहा रही है। वहीं दूसरी ओर उपभोक्ता अब ई-केवाईसी तथा नवीनीकरण में अपनी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। फलस्वरूप नवीनीकरण तथा ई.केवाईसी का काम थमने का नाम नहीं ले हा है। अब तक शासन ने ई-केवाईसी को लेकर 4 बार तारीखें बढ़ाई है। बावजूद इसके महासमुंद जिले में ई-केवाईसी का काम अब भी पेंडिंग है। पूरे प्रदेश में अब भी महासमुंद जिला 21वें पायदान पर ही नटका हुआ है। अब एक बार फिर इसे नेकर 31 मार्च तक समय बढ़ाया गया है। खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अन्य जिलों से बेटियां जब विवाह के बाद हमारे जिले में आती हैं तो पुराने जिले में उनका राशन कार्ड ही डिलीट कर दिया जाता है। जिससे उन्हें नये जिले में पुन: इसी क्रिया से गुजरना पड़ता है। जबकि वन टाउन वन राशन कार्ड के तहत केवल विवाह के बाद उनका नाम यहां जोड़ा जाना चाहिये। ऐसे में खाद्य विभाग के समक्ष दस्तावेजी कार्यों का बोझ बढ़ जाता है। वहीं साल 2 सालों में यह प्रक्रिया होने की वजह से उपभोक्ताओं को भी परेशानी होती है। अंतत: उपभोक्ता इन झंझटों से बचने ई-केवाईसी से मुंह फेरने लगते हैं। खाद्य विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार ग्रामीण व शहरी मिलाकर जिले में कुल 11 लाख 50 हजार 305 सदस्य हैं। इनमें से आज की स्थिति में 10 लाख 54 हजार 755 लोगों ने ई-केवाईसी कराया है। जबकि 95 हजार 550 सदस्यों की ई-केवाईसी शेष है। यानी महासमुंद जिले में 91.69 प्रतिशत का ई-केवाईसी हुआ है। इसमें ग्रामीण में कुल 10 लाख 32 हजार 747 सदस्यों में 9लाख 57 हजार 661 ने ई.केवाईसी कराया, 75086 शेष हैं। वहीं शहरी क्षेत्र में 1 लाख 17 हजार 558 सदस्यों में 97 हजार 094 का ई.केवाईसी हुआ और 20 हजार 464 सदस्य शेष हैं। इसी तरह राशन कार्डों के नवीनीकरण के लिये भी उपभोक्ता रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
खाद्य विभाग मोबाइल एप तथा राशन दुकान तीनों माध्यमों से नवीनीकरण जारी है। लेकिन उपभोक्ताओं को 4 बार मौका मिलने के बाद अनेक उपभोक्ता अब तक नवीनीकरण नहीं करया हैं। मिली जानकारी के मुताबिक जिले में कुल 3लाख 24 हजार 584 राशन कार्ड हैं। इनमें से 3लाख 12 हजार 028 आवेदन मिले हैं। वहीं 12 हजार 556 राशन कार्ड अब भी शेष हैं। जबकि 3लाख 05 हजार 134 पीडीएफ प्रिंट हो चुके हैं। जो 96.13 प्रतिशत है। जिले में बातें हो रही है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा कसावट नहीं बरते जाने की वजह से यह कार्य समाप्त ही नहीं हो पा रहा।