महासमुन्द
कॉलेज में शोध प्रविधि के लिए कार्यशाला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 फरवरी। वल्लभाचार्य महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो. करुणा दुबे के मार्गदर्शन एवं डॉ दुर्गावती भारतीय विभागाध्यक्ष हिंदी के संयोजन में हिंदी विभाग एवं शोध संवर्धन समिति के संयुक्त तत्वावधान में छात्रों के लिए शोध प्रविधि हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में डा. रीता पाण्डेय कला संकाय अध्यक्ष, डॉ.मालती तिवारी शोध निर्देशक एवं संयोजक, शोध संवर्धन समिति, डॉ नीलम अग्रवाल विभागाध्यक्ष अर्थशास्त्र, विषय विशेषज्ञ के रूप में डा. ई पी चेलक, शोध निर्देशक सदस्य शोध संवर्धन समिति, डॉ सरस्वती वर्मा शोध निर्देशक सहायक प्राध्यापक शास. माता कर्मा कन्या महाविद्यालय महासमुंद उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण से हुआ। प्राचार्य प्रो. करुणा दुबे ने शोध प्रविधि कार्यशाला हेतु छात्र छात्राओं को शुभकामनाएं दी और कहा कि कार्यशाला से छात्रों में शोध दृष्टि का विकास होगा। छात्रों को समस्या समाधान के नए आयाम मिलेंगे। छात्रों के व्यक्तित्व के चहुंमुखी विकास लिए कार्यशाला सहयोगी होगा।
डॉ. दुर्गावती भारतीय ने इस मौके पर प्रतिवेदन पठन किया। शोध प्रविधि कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि हिंदी विभाग का उद्देश्य छात्रों में तार्किक एवं खोजी प्रवृति का विकास करना है। छात्रों में स्थानीय समुदाय से लेकर वैश्विक स्तर तक की संस्कृति, घटनाओं में सत्यता को देख पाने की क्षमता का विकास हो सकेगा। छात्र अपने ज्ञान का उपयोग समाज हित में कर सकेंगे।
डॉ.रीता पाण्डेय ने शोध प्रविधि पर चर्चा करते हुए कहा कि शोध से कभी घबराना नहीं चाहिए। शोध सत्य पर आधारित है। सत्य के अन्वेषण से हम पहले से बेहतर होते जाते हैं। डॉ.मालती तिवारी ने छात्रों को बताया कि महाविद्यालय के शोध संवर्धन समिति छात्रों में शोध व्यवहार को बढ़ावा देने हेतु प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे बताया कि छात्रों को शोध संबधी जानकारी देने हेतु समय समय पर इस प्रकार के कार्यशाला बहुत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा अपने क्षमतानुसार शोध के लिए कोई एक क्षेत्र चुनकर अपना श्रेष्ठ दें। इससे देश ही नहीं पूरे विश्व का भला होगा। डा. नीलम अग्रवाल ने कहा कि शोध के लिए आगे बढ़ें। आपका एक कदम आपको अपने मंजिल तक ले जाएगी।
वनस्पति शास्त्र के शोध निर्देशक डॉ. ई पी चेलक ने संपूर्ण शोध प्रविधि को पीपीटी के माध्यम से छात्रों को समझाया। उन्होंने शोध के प्रत्येक चरण को क्रमश:उदाहरण के साथ सरल शब्दों में बताया। छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्व हलषष्ठी में प्रयुक्त प्रमुख वृक्ष के वैज्ञानिक महत्व पर लिखे शोध पत्र को प्रदर्शित किया। जिसे छात्रों ने सुंदर चित्र और तर्क के साथ रिसर्च पेपर लिखना सीखा। आगे बताया कि शोध का सार एवं प्रमुख उद्देश्य जन कल्याण है। हिंदी के शोध निर्देशक डॉ. वर्मा ने शोध प्रविधि पर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि किसी कार्य के प्रारंभ के पूर्व मन में जो कल्पना करते हैं, वही रूपरेखा के निर्धारण का आधार बनता है। यहीं से शोध को एक दिशा मिलती है। सत्य के साथ चलते हुए हम परिणाम तक पहुंचते हैं। उन्होंने आगे छात्रों को शोध की उपयोगिता के बारे बताते हुए कहा कि छात्रों को शोध को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. जीवन चंद्राकर अतिथि प्राध्यापक ने किया। इस अवसर पर कल्याणी साहू जनभागीदारी शिक्षक हिंदी, चितेश्वरी साहू जनभागीदारी शिक्षक समाजशास्त्र, हिंदी विभाग के छात्र-छात्राओं के साथ कला संकाय के अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।