महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 फरवरी। धान विक्रय किये माह भर बीत जाने के बाद भी जिले के किसान राशि भुगतान के लिए बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं। अनेक बार चक्कर लगाकर हलाकान को चुके झलप क्षेत्र के किसानों ने कल धान विक्रय की राशि को लेकर सहकारी बैंक के समक्ष जमकर प्रदर्शन किया तथा लगभग घंटे भर चक्काजाम कर दिया। किसान शीघ्र राशि बैंक में डाले जाने की मांग को लेकर अड़े हुये थे। कल ही शाम 4 बजे तक बैंक में राशि डाले जाने के आश्वासन पर किसानों ने चक्काजाम समाप्त किया।
चक्काजाम की वजह से घंटे भर तक यातायात व्यवस्था चौपट रही। मिली जानकारी के अनुसार पिछले सप्ताह भर से बैंक में किसान रुपए आहरण करने के लिये किसान बैंक पहुंचते रहे। लेकिन बैंक पहुंचने के बाद उन्हें यह कहकर लौटा दिया जाता रहा कि बैंक में भुगतान के लिए राशि नहीं आयी है। रोजाना बैंक पहुंचने के बाद बैंक कर्मियों से यही जवाब सुनकर किसान परेशान हो चुके थे। वैसे भी इन दिनों शादी तथा रबी फसल का कार्य चरम पर है। सामने शिवरात्रि पर्व है। मेला मड़ई का सीजन चल रहा है। अनेक किसान अपने परिवार के साथ तीर्थयात्रा का योजना बना चुके हैं।
ऐसी स्थिति में रोजाना उन्हें बैंक जाने के बाद घंटों कतार में खड़े होने के बाद यह जानकारी मिलती है कि रुपए नहीं है। कल भी यही स्थिति निर्मित हुई। किसान बैंक खुलने के बाद लगभग 12.30 बजे बैंक पहुंचे। कल भी जब उन्हें यह पता चला कि बैंक में राशि ही नहीं है तो किसान आक्रोशित होकर बैंक के सामने ही नारेबाजी करने लगे। इसके पहले कि अधिकारी उन्हें कुछ कह पाते किसान सडक़ पर उतर गये और चक्काजाम कर दिया।
बाद में बैंक अधिकारियों ने मौके पर ही वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की। जहां से आश्वासन मिला कि शाम 4 बजे तक राशि बैंक में पहुंच जाएगी। यह आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त किया। कल शाम 4 बजे जिला मुख्यालय स्थित सहकारी बैंक से 2 करोड़ राशि झलप शाखा में भेजी गई। अब कल से सुचारू रूप से किसानों को भुगतान हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार किसान ग्रीष्मकाल की फसल को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है। कृषि तैयारियों के लिये रुपए की आवश्यकता है। ऐसे में बिना रुपए के किसान कृषि कार्यों को नहीं कर पा रहे हैं। जिला सहकारी बैंक से मिली जानकारी के अनुसार आज की स्थिति में 1 लाख 53 हजार किसानों को 25 सौ करोड़ 39 लाख का भुगतान हो चुका है। जबकि 1 लाख 53 हजार किसानों ने धान बेचा था। आज की स्थिति में 8566 किसानों का भुगतान अब भी अटका है। हालांकि हाल ही में शासन ने प्रति किसान 8 सौ रुपए डिफरेंस की राशि किसानों के खातों में डाल दी है। अत: अब सहकारी बैंकों में रोजाना डिफरेंस अमाउंट निकालने के लिये किसानों की भीड़ लग रही है। किसानों के अनुसार फिलहाल अधिकांश किसान रबी फसल में धान लगाए हैं। पौधों को अभी खाद की आवश्यकता है। अब खाद डालने के लिए पैसे की आवश्यकता है। यदि समय पर खाद नहीं डाला गया तो फसल की ग्रोथ प्रभावित होगी।
अश्वनी शर्मा नोडल अधिकारी, सहकारी बैंक, महासमुंद का कहना है कि जिले के 99 फीसदी किसानों को धान का भुगतान हो चुका है। कुछ किसान शेष रह गये थे। । जिन्हें भुगतान करना शेष रह गया था। राशि डालने में थोड़ा विलंब हो गया था। कल शाम 4 बजे 2 करोड़ रुपए बैंक पहुंची है। आज स्थिति सामान्य हो गई है।