महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19फरवरी। ‘छत्तीसगढ़’ अखबार में खबर प्रकाशन के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 53 मुंबई कोलकाता हाईवे पर आरंग से रायपुर तक मार्ग के दोनों छोरों पर टोल कंपनी द्वारा सडक़ सुधार और पेंच वर्क कार्य शुरू कर दिया गया है।
ज्ञात हो कि आरंग से रायपुर तक हाईवे के दोनों छोरों पर सडक़ की हालत कई जगहों पर काफी खराब है। मार्ग में कई जगहों पर सडक़ें बीच में दबी हुई हैं और कुछ स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं। कुछ स्थानों पर सडक़ से डामर की परतें उखड़ी हुई हैं। इससे चलते समय राहगीरों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही छोटी वाहनों और दोपहिया वाहनों के लिए यह हादसे की वजह भी बन रहा था। उक्त समस्या को लेकर खबर प्रकाशित कर शासन-प्रशासन और अफसरों व जनप्रतिनिधियों के साथ टोल कंपनी का ध्यान आकृष्ट कराया गया था। जिस पर टोल कंपनी ने बारिश के बाद दिसम्बर माह में सडक़ पर मरम्मत कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया था। टोल प्रबंधन के सिविल इंजीनियर रवि सहाय ने बताया कि सामग्री और मशीनी दिक्कतों के कारण मार्ग पर कार्य दिसंबर की बजाय जनवरी में शुरू हुआ है। कार्य जारी है।