महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 फरवरी। महासमुंद पुलिस की नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं थाना सरायपाली-कोमाखान की संयुक्त टीम ने दो प्रकरणों में गांजा तस्करी करते 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10.920 किलो गांजा कीमती 85 हजार रुपए जब्त किया गया है।
पहले प्रकरण में थाना सरायपाली पुलिस ने 14 फरवरी को प्रात: मुखबिर की सूचना पर ओडि़शा से गांजा ले कर आ रहे स्कूटी सवार दो आरोपियों कमलेश्वर उर्फ कामेश यादव उम्र 42 वर्ष निवासी भानपुरी रायपुर तथा अवध बिहारी लाल श्रीवास्तव गुढिय़ारी रायपुर को ग्राम जोगनीपाली तिराहा के पास घेराबंदी कर पकड़ा है।
आरोपियों के पास से कुल 7.920 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती लगभग 40 हजार रुपए बरामद किया गया तथा गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक नग एक्टिवा स्कूटी वाहन कीमती 50 हजार रुपए को जप्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सरायपाली में अपराध धारा 20ख के तहत् कार्रवाई की गई है।
इसी तरह दूसरे प्रकरण में थाना कोमाखान में 15 फरवरी को मुखबिर सूचना पर टेमरी नाका में मोटर सायकिल सवार दो व्यक्तियों देवेंद्र सिन्हा आयु 19 वर्ष निवासी अभनपुर तथा अमन वर्मा आयु 20 वर्ष निवासी बड़े उरला अभनपुर को पकड़ा है। आरोपियों की सघन तलाशी के दौरान मोटर सायकल की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया कुल 03 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती 45 हजार रुपए बरामद किया।
गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल कीमती 60 हजार रुपए जप्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। दोनों प्रकरणों में सभी चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।