महासमुन्द
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 12 फरवरी। नगर पालिका चुनाव में इस बार राष्ट्रीय दलों से पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा और युवा चेहरा निखिलकांत आमने-सामने रहे। इनके साथ दो और अनुभवी जो पालिका के बीते कार्यकाल में ढाई-ढाई साल के अध्यक्ष रहे प्रकाश चंद्राकर व राशि महिलांग भी अपनी-अपनी पार्टी से बागी होकर मैदान में थे। इन चारों के अलावा आम आदमी पार्टी के पंकज साहू की उम्मीदवारी रही। सभी पांचों प्रत्याशी इस बात को लेकर आश्वस्त हंै कि जनता उनके कार्यकाल को नहीं नकारेगी। इस तरह भाजपा-कांग्रेस के उम्मीदवारों और उनके बागियों में कौन मारेगा यह अभी चर्चा में है।
भाजपा प्रत्याशी डॉ. विमल चोपड़ा का कहना है-मैंने अपने बतौर नगर पालिका अध्यक्ष के पुराने अनुभवों और विधायकी कार्यकाल के साथ वर्तमान में शहरी आवश्यकता को समझाते हुए आगे कार्य करने का भरोसा जताया है। केंद्र और राज्य में सरकार होने का फायदा शहरवासियों को मिलेगा। साथ ही सांसद और विधायक के भी भाजपा के होने के कारण उन्हें शहर विकास को रूपरेखा को अमलीजामा पहनाने में सफलता मिलेगी। शहरवासियों को मेरे कार्यकाल की उपलब्धियां आज भी याद हैं। शहरवासियों के लिए 24 घंटे जलापूर्ति, गोकुल नगर की स्थापना, रिंग रोड निर्माण के साथ नगर निगम में उन्नयन भाजपा और भाजपाई नपाध्यक्ष की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कांग्रेस प्रत्याशी निखिलकांत साहू का कहना है कि शहरवासियों को एक बेहतर युवा और विकासपरक सोच वाले अध्यक्ष की आवश्यकता है। जिसे पूरा करने शहरवासी स्वयं इस बात को लेकर तत्पर नजर हैं। इस बात से फर्क नहीं पड़ता की प्रदेश में सरकार किसकी है? सरकार का कार्य है प्रदेश में सभी नगरीय निकायों और प्रदेश की जनता को समानता का अधिकार देना। भ्रामक प्रचार हो रहा है कि भाजपा के राज में कांग्रेसी अध्यक्ष चुने जाने पर शहर विकास बाधित होगा।
बीते कार्यकाल के प्रथम ढाई साल अध्यक्ष रहने के बाद निर्दलीय प्रत्याशी प्रकाश चंद्राकर का कहना है कि स्थानीय संगठन को आवेदन दिए जाने के बाद भी मेरे नाम पर सहमति नहीं बनी। अब तो पैराशूट प्रत्याशी को मैदान में उतारकर कार्यकर्ताओं के मंशा को नकारने का कार्य किया गया है। शहरवासियों को ग्रीष्मकाल में 3 बार पानी, शहर के सौंदर्यीकरण की दिशा में प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य कई सौगातों के बाद जनआकांक्षाओं के अनुरूप ही मैं चुनाव मैदान में रहा।
बीते कार्यकाल के शेष दाई साल अध्यक्ष रही निर्दलीय और एकमात्र महिला प्रत्याशी राशि त्रिभुवन महिलांग का कहना है- मंै शहरवासियों की पहले बेटी और बहन रही। बहू बनकर भी अपने नगर की सेवा में जुटी रही। पार्टी से मुझे टिकट नहीं मिला। इसका मलाल जरूर है लेकिन आम जन के दिलों में मेरे कार्यकाल में हुए कार्यों की अमिट छाप आज भी है और जनता मुझे अपना आशीर्वाद प्रदान कर रही है।
नगर में पहली बार आम आदमी पार्टी के चुनाव चिन्ह में नगरपालिका अध्यक्ष का चुनाव लडऩे वाले पंकड साहू का कहना है कि लोग कांग्रेस और भाजपा दोनों ही राजनीतिक पार्टियों के कामों से ऊब चुुकी है। इसलिए वह बदलाव चाहती है। हम राजनीति के स्वरूप और काम को बदलने की दिशा में काम कर रहे हैं और काम करेंगे।