महासमुन्द

महासमुंद के सभी नगरीय निकायों में 70.48 फीसदी
12-Feb-2025 4:11 PM
महासमुंद के सभी नगरीय निकायों में 70.48 फीसदी

मतदान, तृतीय लिंग के 23 प्रतिशत ने वोट डाला 
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 12 फरवरी।
मंगलवार को जिले के सभी 6 नगरीय निकायों में निर्धारित समय पर शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। जिले में औसत मतदान 70.48 प्रतिशत रहा। जिसमें महिला 69.62 प्रतिशत और पुरुष 71.41 प्रतिशत रहा। तृतीय लिंग के 23 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। सुबह से ही जिले के मतदाता उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 

जिला मुख्यालय महासमुंद के नगरीय निकाय क्षेत्र में मतदाताओं का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। लोग सुबह 08:00 बजे से लेकर शाम 05:00 बजे तक अपनी बारी का इंतजार करते हुए मतदान में भाग लिया। इसके साथ ही जिले के अन्य मतदान केंद्रों पर भी मतदाताओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया। इस चुनाव में युवा, महिला, बुजुर्ग, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्गों ने अपनी सहभागिता दर्ज की। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। जिससे मतदाता निश्चिंत होकर मतदान कर सके।

इस बार जिले के 6 नगरीय निकायों में कुल मतदान प्रतिशत 70.48 है। इनमें नगरपालिका परिषद महासमुंद में 66.69 प्रतिशत,  बागबाहरा नगर पालिका परिषद में 75 प्रतिशत, सरायपाली नगर पालिका परिषद में 71.18 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी तरह नगर पंचायत तुमगांव में 81.85 प्रतिशत और नगर पंचायत पिथौरा में 80.29 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं बसना में 64.34 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।

इस दौरान वार्ड क्रमांक 27 की दिव्यांग मतदाता उषा बाई कन्नौजे, वार्ड एक की सविता निषाद ने मतदान कर समाज को जागरूकता का संदेश दिया। दोनों ने अपने-अपने वार्ड स्थित मतदान केंद्र में पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोनों ने शारीरिक रूप से अक्षम होने के बावजूद मतदान केंद्र तक पहुंचकर पूरे उत्साह के साथ मतदान किया। मतदान केंद्र में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनकी मदद की और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मतदान करने की सुविधा दी।

मतदान के बाद उषा बाई और सविता ने कहा कि मतदान हर नागरिक का अधिकार और कर्तव्य है। उनके इस जज्बे को देखकर अन्य मतदाता भी प्रेरित हुए। प्रशासन की ओर से भी दिव्यांग मतदाताओं को सहायता प्रदान करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थी। ताकि वे बगैर किसी कठिनाई के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

नगरीय निकाय चुनाव अंतर्गत सभी वर्ग के मतदाताओं का विशेष ध्यान गया। सभी मतदान केंद्रों में मतदाताओं के सहयोग के लिए एनएसएस व स्काउट गाइड के कैडेट्स मतदान केंद्रों में दिव्यांग,वरिष्ठ नागरिकों तथा शारीरिक रूप से अक्षम मतदाताओं को सहयोग प्रदान करने एवं व्हील चेयर,पेयजल, प्राथमिक स्वास्थ्य उपलब्ध कराने में सहयोग करते रहे। 

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत महासमुंद जिले में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक मतदान प्रक्रिया संपन्न होने पर सभी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने आम मतदाताओं, निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों-कर्मचारियों, सुरक्षा में तैनात जवानों, मीडिया प्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों से मिले सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है। 

कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि नगरीय निकाय निर्वाचन में युवा, महिला, बुजुर्ग, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्गों की सहभागिता रही। स्काउट-गाईड, एन एस एस के बच्चों ने मतदान कार्य में सराहनीय भूमिका निभाई, जो प्रशंसनीय है। जिले के मताधिकार के प्रति जागरूक मतदाता मतदान प्रक्रिया में शामिल हुए। निर्वाचन कार्य में लगे जिले के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मतदान कार्य में सराहनीय भूमिका निभाई। मतदान दलों ने प्रतिबद्धतापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन किया। मैदानी अमलों ने निर्वाचन संबंधी दिशा.निर्देशों का पालन करने में तत्परता दिखाई। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम जाबो अंतर्गत मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने में स्वीप टीम एवं शासकीय अमलों ने बेहतरीन कार्य किया। 

कलेक्टर ने जिला निर्वाचन कार्यालय से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, सभी रिटर्निंग अधिकारियों एवं उनकी टीम, निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी नोडल अधिकारी एवं उनकी टीम, पुलिस विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षण कार्य से जुड़े मास्टर ट्रेनर्स, सेक्टर अधिकारी, निर्वाचन व्यय लेखा एवं नियंत्रण से संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य सभी को बेहतर कार्य करने के लिए धन्यवाद दिया है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लंगेह ने कहा कि नगरीय निकाय निर्वाचन में मीडिया प्रतिनिधियों ने अपने दायित्वों को बखूबी निभाया और सभी का सक्रिय सहयोग मिला। मीडिया से जुड़े साथियों ने निर्वाचन एवं मतदाता जागरूकता संबंधी समाचारों को आम जनता तक पहुंचाने में मदद की। कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन कार्य से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष तौर पर सहयोग कर अपनी सहभागिता निभाने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया है।


अन्य पोस्ट