महासमुन्द
महासमुंद, 7 फरवरी। सरायपाली-भंवरपुर मार्ग पर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला और 4 घरों का ताला तोड़ कर सामानों की चोरी कर ली। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम घटना स्थल पर पहुंची। मामले की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने दोपहर 12 बजे तक चोरी हुए सामानों अथवा नगदी की जानकारी नहीं मिल पाई थी।
ज्ञात हो कि उक्त कॉलोनी में लगभग सभी शासकीय कर्मचारी रहते हैं। जिसमें पुलिस विभाग के भी कर्मचारी शामिल हैं। एक चोरी तो पुलिस के भी आला अधिकारी के घर में होने की बात कही जा रही है।
जानकारी अनुसार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सीसी टीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं। जिसके कारण चोरों ने बेखौफ होकर अपने कार्यों को अंजाम दिया। बीती रात चोरों ने अचानक कॉलोनी में धावा बोलकर 4 घरों का ताला तोड़ दिया। इनमें से एक घर तो यहां पूर्व में पदस्थ एसडीओपी अभिषेक केसरी का भी है। वहीं एक डॉक्टर,एक पटवारी व एक अन्य पुलिस कर्मी के घर भी चोरी हुई है। एक ही कालौनी में एक साथ 4 चोरियां होने पर भी रात के समय किसी को खबर नहीं लग पाई। जबकि इस कॉलोनी में स्वयं थाना प्रभारी व पुलिस के अधिकारी कर्मचारी रहते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
समाचार लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी। पूर्व एसडीओपी श्री केसरी से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उनके घर पर चोरी होने की सूचना उन्हें मिली है। उनका स्थानांतरण हो चुका है और वे अन्यत्र पदस्थ हैं। उनका घर लगभग 8-10 दिनों से बंद है और ड्यूटी पर होने की वजह से वे वहां नहीं पहुंच पाये हैं।