महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 फरवरी। रविवार को विशाखापट्टनम से रायपुर जाने वाली पैसेंजर को भीमखोज रेलवे स्टेशन में दो घंटे तक खड़ी कर दिये जाने से सारे यात्री हलाकान होते पेयजल व जलपान के लिये भटकते दिखाई दिये। मिली जानकारी के अनुसार कल रविवार को ट्रेन नम्बर 08528 विशाखापट्टनम से रायपुर जाने वाली पैसेंजर बागबाहरा से अपने निर्धारित समय से चलकर भीमखोज रेलवे स्टेशन पर दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर पहुंची। उसके बाद वहां उसे तकरीबन दो घंटे तक खड़ी कर दी गई।
सायं 6 बजकर 50 मिनट पर उसे अरंड, महासमुंद रेलवे स्टेशन के लिये रवाना किया गया। इस दो घंटे के दरम्यान कल रविवार को साप्ताहिक एक्सप्रेस विशाखापट्टनम से लोकमान्य तिलक को सायं 4 बजे पास करने के बाद उसके पीछे आ रही विशाखापट्टनम-हजरत निजामुद्दीन समता सुपरफास्ट को सायं 5.40 बजे रवाना करने के बाद सायं 5.50 को उक्त पैसेंजर को रवाना किया गया। इन दो घंटे में यात्री पेयजल व जलपान के लिये तरसते रहे। पैसेंजर को दो घंटे खड़े किये जाने से बोगियों में बैठे यात्रियों में रेलवे के प्रति आक्रोश देखा गया।