महासमुन्द
महासमुंद,3 फरवरी। जिले के सरायपाली क्षेत्र में एक ट्रैक्टर चालक के द्वारा लापरवाही पूर्वक ब्रेक मारने से शादी का निमंत्रण कार्ड देने जा रहे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी अनुसार एक फरवरी को लगभग 10 बजे बजे शिव कुमार निषाद के साथ मोटर सायकल में संत कुमार नाग एवं सुनील निषाद तीनों ग्राम सपोस थाना सांकरा से रायगढ़ शादी का निमंत्रण कार्ड देने जा रहे थे। मोटर सायकल को शिव कुमार चला रहा था। इसी दौरान पूर्वान्ह 11.45 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर चंद्रा निवास के सामने सरायपाली के पास ही सामने जा रही बिना नम्बर ट्रैक्टर आयचर के चालक ने अचानक ब्रेक मार दी और मोटर सायकल, ट्रेक्टर के पीछे टकरा गयी। इससे शिव कुमार एवं संत कुमार को सिर में गंभीर रूप से चोट लगने से उनकी मृत्यु हो गई। वहीं पीछे बैठे सुनील को चोटें आई है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 281,125, 106, 1 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।