महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 फरवरी। मां खल्लारी रक्तदान सेवा समिति महासमुंद के सदस्य गर्भवती माताओं को रक्त दान करने के उद्देश्य से काम करने वाली संस्था है।
इसके संस्थापक एवं अध्यक्ष संतोष कुमार छत्रे खुद भी अब तक अनेक बार रक्तदान कर चुके हैं। वे बताते हैं कि एक बार सन्तोष छत्रे की मां बहुत बीमार पड़ गयी। डाक्टरों ने उन्हें खून चढ़ाने कहा। काफी कोशिशों के बाद भी कहीं से रक्त की व्यवस्था नहीं हो पाई। हास्पिटल के डाक्टरों ने कहा कि कोई भी ग्रुप का रक्त दान हे सकता है। उस रक्त के एवज में आपकी मां को उनके ग्रुप का रक्त मिल जाएगा। संतोष कुमार छत्रे ने ऐसा ही किया। ऐसा करके उनकी मां स्वास्थ्य हुई और तभी से संतोष ने ठान लिया कि महिलाओं को इस पीड़ा से बचाना जरूरी है। उन्होंने गर्भवती माताओं को इसके लिए चुना। उनका कहना है कि प्रसव के समय अधिकांश माताओं को रक्त की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने इसके बाद मां खल्लारी रक्तदान सेवा समिति का गठन किया। अब तक इस समिति के लोगों ने सैंकड़ों महिलाओं को सहयोग किया है। अध्यक्ष संतोष छत्रे के अलावा समिति में शंकर साहू, निलेश साहू, दौलत चन्द्राकर, वासुदास मानिकपुरी, केशवदास मानिकपुरी, खेमराज सिंन्हा सक्रिय सदस्य के रूप में जुड़े हुए हैं। यह जानकारी काव्यांश साहित्य एवं कला पथक संस्थान के संस्थापक भागवत जगत भूमिल ने दी है।