महासमुन्द

इस बार की ईवीएम थोड़ी अलग,पर्ची नहीं निकलेगी
01-Feb-2025 3:10 PM
इस बार की ईवीएम थोड़ी अलग,पर्ची नहीं निकलेगी

डमी ईवीएम से नागरिकों को दी जा रही मतदान प्रक्रिया की जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,1 फरवरी। नगरीय निकाय चुनाव 2025 के मद्देनजर कलेक्टरेट परिसर में डमी ईवीएम इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन रखी गई है। जिससे आम मतदाता सहित जनप्रतिनिधि एवं मीडिया कर्मियों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। अपर कलेक्टर व उपनिर्वाचन अधिकारी रवि साहू ने बताया कि निर्वाचन शाखा के कर्मचारी लगातार नागरिकों को ईवीएम के सही उपयोग और मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं। ताकि चुनाव के दिन मतदाता बिना किसी संकोच के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

जानकारी अनुसार इस बार प्रयोग की जा रही ईवीएम अन्य चुनावों में उपयोग होने वाली मशीनों से थोड़ी अलग है। इस मशीन में वोट डालने के बाद पर्ची नहीं निकलती। एक ईवीएम में अधिकतम 13 उम्मीदवारों और 1 नोटा का विकल्प होता है। यदि किसी वार्ड में उम्मीदवारों की संख्या 13 से अधिक होती है, तो अतिरिक्त ईवीएम जोड़ी जाएगी। डमी ईवीएम के इस प्रदर्शन के जरिए नागरिकों को न केवल मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है बल्कि उन्हें यह भी बताया जा रहा है कि ईवीएम में एंड बटन दबाने की आवश्यकता नहीं है। मतदाता को केवल दोनों पदों अध्यक्ष और पार्षद के लिए अपने पसंदीदा उम्मीदवार का बटन दबाना होगा। इसी से मतदान प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी।

इस बार के नगरीय निकाय चुनाव में अध्यक्ष और पार्षद दोनों पदों के लिए ईवीएम से मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया को और अधिक स्पष्ट करने के लिए निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए वोट डालने पर हल्की बीप की आवाज आएगी। पार्षद पद के लिए वोट डालने पर लंबी बीप सुनाई देगी, जो मतदान के सफलतापूर्वक पूरा होने का संकेत होगा। यह पहल नागरिकों में मतदान प्रक्रिया की समझ बढ़ाने और जागरूकता फैलाने के लिए की गई है। निर्वाचन शाखा के अधिकारी लगातार नागरिकों को ईवीएम से मतदान करने का तरीका समझा रहे हैं ताकि कोई भी मतदाता चुनाव के दिन भ्रमित न हो। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर मतदाता स्वतंत्र रूप से और बिना किसी झिझक के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।


अन्य पोस्ट