महासमुन्द
कांग्रेस एक-दो दिन के भीतर नामों की घोषणा करेगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 जनवरी। पंचायत चुनाव को लेकर नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 3 फरवरी है। वहीं 17 फरवरी को पंचायतों में मतदान होगा। इसे लेकर भाजपा ने क्षेत्र क्रमांक 12 को छोड़ सभी क्षेत्र क्रमांक के लिये प्रत्याशी मैदान में उतार दिये हैं। जबकि अब तक कांग्रेस ने पत्ता नहीं खोला है। कयास लगाए जा रहे हैं कि 1-2 दिवस के भीतर कांग्रेस भी प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस में टिकट के लिये प्रत्येक क्षेत्र के लिये 2 से 3 दावेदारों ने कांग्रेस पार्टी के समक्ष अपनी दावेदारी पेश की है। फलस्वरूप योग्य उम्मीदवार को मैदान में उतारने के लिये कांग्रेस में बैठकों का दौर जारी है। वहीं 6 फरवरी को नाम वापसी के दिन स्पष्ट हो जाएगा कि कुल कितने प्रत्याशी मैदान पर हैं तथा किस-किस के बीच सीधी टक्कर होगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने बताया कि जहां सिंगल आवेदन आएंगे उन्हें ही चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। जानकारी के मुताबिक पंचायत चुनाव को लेकर जनपद पंचायत में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों की भीड़ जुट रही है।
गौरतलब है कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन तीन चरणों में सम्पन्न होगा। पहला चरण का मतदान सोमवार 17 फरवरी 2025 को होगा जिसमें जिले के बसना और सरायपाली क्षेत्र शामिल है। इसी तरह द्वितीय चरण के तहत पिथौरा और बागबाहरा क्षेत्र में गुरुवार 20 फरवरी को मतदान होगा। खंड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना यदि आवश्यक हो तो तीन चरणों में की जाएगी। जिसमें प्रथम चरण की तिथि मंगलवार 18 फरवरी, दूसरे चरण के लिए शुक्रवार 21 फरवरी एवं तीसरे चरण के लिए सोमवार 24 फरवरी 2025 की तिथि निर्धारित है। सारणीकरण और अंतिम परिणाम की घोषणा अंतर्गत पंच, सरपंच एवं जनपद पंचायत के मामले में खण्ड स्तर पर प्रथम चरण की घोषणा बुधवार 19 फरवरी, द्वितीय चरण में शनिवार 22 फरवरी और तृतीय चरण में मंगलवार 25 फरवरी को परिणाम की घोषणा की जाएगी।
भाजपा ने जिन जिला पचायत प्रत्याशियों के नाम घोषित की है उनमें क्षेत्र क्र. 1 में प्रेम चंद्राकर,क्षेत्र क्र. 2 पार्वती राधेश्याम साहू, क्षेत्र क्र.3 देवकी प्रकाश चंद्र पटेल,क्षेत्र क्र.4 हितेश नायक राम चंद्राकर,क्षेत्र क्र. 5 मोनिका दिलीप साहू,क्षेत्र क्र. 6 भीखम सिंह ठाकुर,क्षेत्र क्र. 7 गैंदराम तखतराम ठाकुर,क्षेत्र क्र. 8 उषा अमर सिंह पटेल,क्षेत्र क्र.9 जगमति दीनदयाल भोई,क्षेत्र क्र. 10 सीमा लुकेश नायक, क्षेत्र क्र. 11 देवकी पुरुषोत्तम दीवान,क्षेत्र क्र.13 प्रमोद महेत्तर सागर,क्षेत्र क्र.14 कुमारी धनेश्वर भास्कर,क्षेत्र क्र.15 सुरुचि मोहन लाल साहू शामिल हैं।
जिला पंचायत सदस्य के मामले में जिला मुख्यालय में प्रथम चरण की घोषणा गुरुवार 20 फरवरी, द्वितीय चरण में रविवार 23 फरवरी और तृतीय चरण में 25 फरवरी 2025 को की जाएगी। जानकारी के अनुसार अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशन के पश्चात महासमुंद जिले के अंतर्गत आने वाले 05 जनपद पंचायतों में कुल 551 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत मतदाताओं की कुल संख्या 07 लाख 82 हजार 281 है। जिसमें पुरुष मतदाता 03 लाख 84 हजार 586 तथा महिला मतदाता 03 लाख 97 हजार 691 और तृतीय लिंग अंतर्गत 04 मतदाता शामिल है।