महासमुन्द

किसानों को रबी फसल से वंचित करने खाद की संकट उत्पन्न कर रही सरकार-विनोद
30-Jan-2025 2:46 PM
किसानों को रबी फसल से वंचित करने खाद की संकट उत्पन्न कर रही सरकार-विनोद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30जनवरी। पूर्व संसदीय सचिव छग शासन व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने रबी सीजन में धान फसल लेने वाले किसानों को सरकार द्वारा परेशान किए जाने का आरोप लगाया है। श्री चंद्राकर ने कहा कि जिले के सोसायटियों में यूरिया व डीएपी किसानों को नहीं मिल पा रहा है। जिसके चलते किसान अधिक दर पर बाजार से रासायनिक खाद खरीदने विवश हो रहे हैं।

श्री चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश के साय सरकार द्वारा पहले तो किसानों को रबी सीजन में धान फसल लेने से रोकने का फरमान जारी किया गया है। जिसका पूरा प्रदेश में विरोध हुआ था। अब जब साधन संपन्न किसान नलकूप, नहर सिंचाई, कुएं, ट्यूबवेल आदि के माध्यम से रबी की खेती करना चाहते हैं उन्हें खाद की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सरकार जान बूझकर सोसायटियों में खाद का आबंटन नहीं कर रही है। प्रदेश सहित महासमुंद जिले के सरकारी सोसायटियों में किसानों को खाद नहीं मिल रहा है। किसान मजबूरी में बाजार से ऊं चे दामों पर खाद खरीद रहे हैं। यूरिया और डीएपी के दाम आसमान छू रहा है। 270 रुपए बोरी में मिलने वाला यूरिया अब बाजार में 600 रुपए में मिल रहा है। इसी तरह  1350 का डीएपी बोरी 1700 रुपए से भी अधिक दाम पर बिक रहा है।

श्री चंद्राकर ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को रबी धान फसल लेने से रोकने तथा उन्हें परेशान करने यह सोसायटियों में खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। साथ ही सरकार के संरक्षण में डीएपी एवं यूरिया खाद की कालाबाजारी तेजी से हो रही है। सरकार द्वारा खरीफ फसल में किसानों के लिए खाद की उचित आपूर्ति नहीं कर पाने के बाद अब रबी फसल में भी किसानों को खाद की कमी की वजह से जूझना पड़ रहा है। इसके लिए प्रदेश सरकार जिम्मेदार है।

श्री चंद्राकर ने आगे कहा कि किसानों को धान का एकमुश्त भुगतान ना कर सरकार ने पहले ही उन्हें भटकने विवश कर दिया है। वर्तमान में धान बेचने वाले किसानों को 10 से 12 दिन तक धान का भुगतान नहीं हो रहा है। जिससे वे और अधिक परेशान हो रहे हैं। एक तो सोसायटियों में खाद नहीं मिल रहा, दूसरी ओर धान का पैसा भी नहीं मिलने से किसान बाजार से खाद खरीदने कर्ज लेने मजबूर हो रहे हैं। भाजपा की साय सरकार ने सुनियोजित तरीके से किसानों को रबी फसल से वंचित करने का षडय़ंत्र रचा है।


अन्य पोस्ट