महासमुन्द

नर्रा समिति में किसानों के साढ़े 4 हजार क्विंटल धान का अभी तक टोकन नहीं कटा
30-Jan-2025 2:44 PM
नर्रा समिति में किसानों के साढ़े 4 हजार क्विंटल धान का अभी तक टोकन नहीं कटा

 जिन किसानों का टोकन नहीं कटा है, वे आज 30 जनवरी को टोकन कटा सकते हैं-टिकेंद्र राठौर डीएमओ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 जनवरी। ग्रामीण सेवा सहकारी समिति मर्या.नर्रा पंजीयन क्रमांक 1061 में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 51 किसानों का साढ़े 4 हजार क्विंटल धान खरीदी के लिए अभी तक टोकन नहीं काटा गया है। जिसके कारण किसान अपना धान बेचने से वंचित हो रहे हैं। खरीदी के दो दिन ही बाकी रह गये हैं। किसान अधिकारियों से फरियाद कर थक गए हैं। अभी टोकन नहीं काटने से उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो जाएगा। इस बात को लेकर किसानों में चिंता व्याप्त है।

किसान नेता जागेश्वर जुगनू चंद्राकर ने विज्ञप्ति जारी कर सरकार से मांग करते हुए कहा है कि किसानों के बकाया धान खरीदी के लिए तुरंत टोकन काटा जाना चाहिए। जिससे किसानों क़ो आर्थिक व मानसिक परेशानियों से निजात दिलाया जा सके।

उन्होंने कहा कि साय सरकार कि नीयत धान खरीदी को लेकरकिसान हितैषी नहीं रहा है। किसानों क़ो शुरू से अपनी उपज बेचने में परेशानी हो रही है। टोकन काटने की परेशानी, जगह की कमी, धान उठाव का उचितं प्रबंधन नहीं हो पाना और अब तक किसानों क़ो 3217 रुपए प्रति क्विंटल की दर से एकमुश्त भुगतान नहीं होना विष्णुदेव सरकार के किसान विरोधी चेहरे को उजागर करता है। उनका कहना है कि केवल महासमुंद या एक खरीदी केंद्र में किसानों का धान नहीं बिक पाने की समस्या नहीं है बल्कि प्रदेश भर में 24 जनवरी के बाद टोकन काटने पर रोक लगने के कारण प्रदेश के हजारों किसान 31 जनवरी तक धान बेचने से वंचित हो रहे हैं।

(बॉर्डर के आसपास के किसान टोकन कटाने के लिये पहुंच रहे हैं। मौके पर जाओ तो किसानों के पास धान ही नहीं है।

फलस्वरूप अब सोसायटियों द्वारा किसानों के पास धान शेष है या नहीं, इसकी पुष्टि के बाद ही टोकन काटा जा रहा है। आफ लाइन टोकन कटाने का समय 5 बजे तक रहता है। इसके बाद किसान के पास आनलाइन विकल्प रहता है। जिन किसानों का टोकन नहीं कटा है, वे आज 30 जनवरी को टोकन कटा सकते हैं-टिकेंद्र राठौर डीएमओ)


अन्य पोस्ट