महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जनवरी। महासमुंद जिले के बाागबाहरा क्षेत्र स्थित चंडी माता की पहाड़ी के पीछे रात में विचरण कर रहे एक तेंदुए का वायरल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। कल वायरल हुए इस वीडियो से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। वीडियो के संज्ञान में आने के बाद वन विभाग ने एक्शन में आकर आसपास के ग्रामों में उसे दोबारा देखे जाने की पतासाजी के साथ ग्रामवासियों को अलर्ट रहने कहा है। साथ ही तेंदुआ दिखने पर देखे जाने पर वन विभाग को सूचित करने कहा है।
बहरहाल, विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त तेंदुए से किसी जान-माल, मवेशी को नुकसान पहुंचने की खबर समाचार लिखे जाने तक नहीं है।
रेंजर एल के ध्रुव ने इस संबंध में बताया कि चंडी पहाड़ी के पीछे जुनवानी खैरा डेरा के पास विचरण कर रहे तेंदुए को देखे जाने की घटना चार-पांच दिन पुरानी है। जिसका वीडियो कल वायरल होने के बाद इसका पता चला। उस रात मार्ग से गुजर रहे किसी वाहन में सवार लोगों ने उसका वीडियो बनाया था।
उन्होंने बताया कि चंडी पहाड़ी के बाद कई वर्ग किलोमीटर का वन क्षेत्र है। यह वन्य प्राणी का विचरण क्षेत्र है। उन्होंने बताया कि पता चलने के बाद आसपास के ग्रामों में इसकी पतासाजी की गई। लेकिन उसे देखने या उसके द्वारा किसी प्रकार के नुकसान करने की खबर नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि पतासाजी के साथ आसपास के ग्रामों को जंगल में जानों से बचने एवं रात को अलर्ट रहने का भी सुझाव दिया गया है।
बहरहाल, उक्त क्षेत्र पहाड़ी व जंगल क्षेत्र होने के कारण तेंदुए आदि वन प्राणियों के देखे जाने अथवा उसकी मौजूदगी का या विचरण की चर्चा यदा कदा सुनने को मिलती रही है। लेकिन रात को विचरण करते किसी तेंदुए को कैद कर लेने का यह पहला मामला है।