महासमुन्द
महासमुंद,29जनवरी। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर कल 30 जनवरी 2025 को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में नशामुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के आयोजन में छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आचार संहिता के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाएगा। जिला स्तर पर संबंधित विभागों के सहयोग से नशामुक्ति से संबंधित गतिविधियां संचालित में नशा मुक्ति पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनकी जानकारी और फोटो एनएमबी, मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाएगी। भारत माता वाहिनी और समुदाय के सहयोग से नशा मुक्ति के लिए रैलियां निकाली जाएंगी।
वहीं विद्यालयों और महाविद्यालयों में नशापान के दुष्परिणामों पर आधारित चित्रकला, गीत, नृत्य, नाटक प्रतियोगिताएं तथा मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। समारोह स्थल पर नशा मुक्ति से संबंधित प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और साहित्य का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा नशापान के दुष्परिणामों पर व्याख्यान और प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जाएगा। जनसामान्य को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया जाएगा और शपथ.पत्र पर हस्ताक्षर भी कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त योगाचार्यों के मार्गदर्शन में नशामुक्ति के लिए योगाभ्यास का प्रदर्शन होगा।