महासमुन्द
राशि और त्रिभुवन कांग्रेस के बागी हैं, भाजपा से प्रकाश, रमेश साहू बागी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जनवरी। नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन कल जिला मुख्यालय राजनीतिक रैलियों की धमक और नारों से गूंजता रहा। शहर के कोने-कोने से पार्षद प्रत्याशी रैली लेकर निकले और निर्धारित स्थान पर एकत्र होने के बाद अध्यक्ष पद के दावेदारों के साथ नामांकन दाखिल करने निकल पड़े। भाजपा के अधिकृत नपाध्यक्ष प्रत्याशी पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा, कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी निखिलकांत साहू, निवर्तमान नपाध्यक्ष राशि महिलांग, पूर्व नपा उपाध्यक्ष त्रिभुवन महिलांग ने तामझाम और रैली के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपना-अपना नामांकन दाखिल किया। इस तरह परसों प्रकाश, पंकज के बाद कल डा. चोपड़ा, निखिलकांत, राशि, त्रिभुवन महिलांग, रमेश साहू ने नामांकन दाखिल किया। इनमेंं से राशि और त्रिभुवन कांग्रेस के बागी हैं। जबकि भाजपा से प्रकाश चंद्राकर ने पहले ही बागी बनकर पर्चा भरा है और कल भाजपा से रमेश साहू ने भी बगावत कर ली।
गौरतलब है कि भाजपा के बागी प्रकाश चंद्राकर, आप प्रत्याशी पंकज साहू, रमेश साहू पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं। पार्षद प्रत्याशियों ने भी कल ही नामांकन दाखिल किया। महासमुंद में अब तक नपाध्यक्ष के लिए कुल 7 प्रत्याशी मैदान में हैं। नाम वापसी की अंतिम तिथि तक कौन मैदान में रहेगा और कौन नहीं, यह 31 जनवरी को ही पता चलेगा।
जानकारी के मुताबिक महासमुंद नपाध्यक्ष पद के लिए 10 नामांकन खरीदे गए थे। इनमें से महज 7 ही जमा हुए। इसी तरह पार्षद पद के लिए 132 फ ार्म खरीदे गए थए जिसमें से 120 जमा हुए हैं। नामांकन दाखिले का अंतिम दिन होने के कारण शहर में कल चारों ओर खासी गहमागहमी रही। वार्डों के भीतरी हिस्सों से पार्षद प्रत्याशी रैली के साथ निकलकर निर्धारित स्थानों पर पहुंचे। नपाध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी डॉ.विमल चोपड़ा की रैली लोहिया चौक से पूरे तामझाम के साथ निकली। इसके पूर्व उनकी सभा को सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, तथा खुद डा. विमल चोपड़ा ने संबोधित किया। डा. चोपड़ा ने रैली को संबोधित कर केंद्र और छग सरकार के कार्यों पर वोट मांगे। सांसद श्री अग्रवाल ने पीएम आवास और महतारी वंदन का उल्लेख करते हुए शहर विकास के लिए अध्यक्ष-पार्षद प्रत्याशियों के लिए वोट मांगा।
कलेक्टोरेट में नामांकन दाखिल करने के लिए अंतिम दिन होने के कारण भारी भीड़ थी। यहां 1 से 15 वार्ड के लिए अलग और 16 से 30 तक के वार्डों के लिए अलग-अलग कमरे में नामांकन की व्यवस्था थी। टिकट वितरण में विलंब के चलते खासकर पार्षद प्रत्याशियों को आनन-फ ानन में नामांकन भरना पड़ा। इसी बीच वार्ड 21 से कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी प्रकाश सागर के नामांकन में प्रस्तावक का नाम वार्ड.22 के व्यक्ति होने के कारण दिक्कत आई। अत: यहां दूसरे दावेदार आकाश लहरे को अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया।
कांग्रेस के नपाध्यक्ष प्रत्याशी निखिलकांत साहू और सभी 30 पार्षद प्रत्याशी कांग्रेस भवन से रैली के साथ नामांकन दाखिल करने निकले। पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर अपने निवास स्थल से 17 पार्षद प्रत्याशियों के साथ रैली की शक्ल में निकलकर कांग्रेस भवन पहुंचे। जहां उपस्थितों को श्री चंद्राकर व जिलाध्यक्ष डा. रश्मि चंद्राकर ने संबोधित किया।
इसी वक्त निवर्तमान नपाध्यक्ष राशि महिलांग, उनके पति त्रिभुवन महिलांग संग समर्थकों ने सब्जी बाजार परिसर से रैली की शक्ल में नामांकन दाखिल करने निकली। पति-पत्नी दोनों ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। पूर्व नपा उपाध्यक्ष त्रिभुवन महिलांग ने सभा को संबोधित करते हुये भाजपा-कांग्रेस नेताओं से हाथ जोडक़र वोट मांगते देखे गए।
दोनों दलों के नेताओं ने एक-दूसरे को देख जीत की दी बधाई
इस दौरान एक तस्वीर सामने आई कि राशि महिलांग और त्रिभुवन महिलांग नामांकन दाखिल कर लौट रहे थे। तभी भाजपा की रैली कलेक्ट्रेट जा रही थी। रास्ते में क्रॉस करते दोनों दलों के नेताओं ने एक-दूसरे को देखकर हाथ हिलाया और जीत की अग्रिम बधाई दी। दोनों ही दलों के लोगों ने एक दूसरे से अपने पक्ष में मतदान की अपील की।
नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए सभी प्रत्याशी अपने-अपने जीत का दावा करते नजर आये। बागियों द्वारा खेल बिगाडऩे के सवाल पर कांग्रेस व भाजपा के प्रत्याशियों ने बागियों को मना लेने की बात कही है। गौरतलब है कि 30 वार्ड वाले नगरपालिका महासमुंद के लिए 22 जनवरी से नामांकन शुरु हुआ। कल नामांकन का अंतिम दिन था। आज 29 जनवरी को नामांकन फार्मो की संवीक्षा की जायेगी और 31 जनवरी को नाम वापसी व चुनाव चिन्ह आवंटन होगा। महासमुंद नगरपालिका के 47 हजार मतदाता 11 फऱवरी को मतदान करेंगे और 15 फरवरी को मतगणना होगी।