महासमुन्द
महासमुंद, 29 जनवरी। कलेक्टर विनय लंगेह ने धान खरीदी केंद्र झारमुड़ा में जांच प्रतिवेदन के आधार पर पाए गए अनियमितता में सलंग्न दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने उपायुक्त सहकारी संस्थाएं महासमुंद को इस संबंध में आदेश दिए हैं। नायब तहसीलदार, प्रबंधक जिला सहकारी बैंक पिरदा, मंडी सुपरवाइजर, मंडी उप निरीक्षक के द्वारा 24 जनवरी 2025 को धान खरीदी केन्द्र झारमुड़ा की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया है।
धान उपार्जन केन्द्र में 23 जनवरी 2025 तक की खरीदी की स्थिति में ऑनलाईन पोर्टल समिति माड्यूल की रिपोर्ट अनुसार 15041.20 क्विंटल धान खरीदी किया गया है। मौके पर भौतिक सत्यापन में 14666.00 क्ंिवटल बोरी धान पाया गया। जिसमें खरीदी की गई धान एवं मौके पर प्राप्त धान बोरी में 375.20 क्विंटल 938 बोरी की कमी पाया गया। जांच करते समय देखा गया कि खरीदी किए हुए बोरी में समिति की मार्किंग भी नहीं कराई गई है। जांच में यह भी पाया गया कि सीसीटीवी कैमरा चालू हालत में नहीं था जिसे बाद में चालू किया गया था। उपरोक्त तथ्यों को ध्यान में रखते हुए यह तथ्य संज्ञान में आता है कि वर्तमान में उपलब्ध धान की मात्रा-बारदानों की संख्या ऑनलाईन रिपोर्ट एवं भौतिक रूप से गणना उपरांत पाये गए धान की मात्रा,बारदानों की संख्या में 375.20 क्विंटल 938 नग बारदाने का अंतर है जो धान उपार्जन में बोगस एन्ट्री प्रतीत होता है। अत: जांच प्रतिवेदन से स्पष्ट है कि गंभीर उपार्जन नीति के अवहेलना कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने वाले दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल कठोर अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई कर अवगत कराने निर्देश दिए हैं।