महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 जनवरी। गणपर्व की पूर्व संध्या पर स्थानीय साहित्य समिति आस्था के संयोजन में साहित्यकार डॉ.साधना कसार के निवास में काव्यगोष्ठी हुई। जिसमें साहित्य शिल्पियों ने देशभक्ति के साथ समसामयिक कविताएं पढ़ीं।
वरिष्ठ साहित्यकार आनंद तिवारी पौराणिक एवं एस. चन्द्रसेन ने मंगलदीप प्रज्जवलित कर गोष्ठी का शुभारंभ किया। सुरेन्द्र अग्निहोत्री ने राष्ट्र वन्दना की। बंधु राजेश्वर खरे ने कल तक जो दबा कुचला था.. वह आगे चल रहा है... देश बदल रहा है, सुरेन्द्र अग्निहोत्री ने ..हमर देस के सान हे, ये गणतंत्र महान हे, डॉ.साधना कसार ने संविधान का नव सूर्य.. नई रश्मियां बिखराता है, एस चन्द्रसेन ने वंदे मातरम प्रस्तुत किया।
गजलकार अशोक शर्मा ने अम्मा तेरी थाल से..दाल भात का ग्रास, आनंद तिवारी पौराणिक ने नवल प्रभात रश्मि तेजोमय सुनाया। इस कार्यक्रम में डॉ.अनिरुद्घ कसार, श्वेता कसार, समृद्घ कसार का विशिष्ठ सहयोग रहा। वरिष्ठ अधिवक्ता भरत सिंह कसार ने इस साहित्यिक जुड़ाव के लिये सभी आमंत्रितों का आभार माना।