महासमुन्द

भ्रष्टाचार मामले में 13 साल बाद महासमुंद पालिका कर्मचारी गिरफ्तार, नपाध्यक्ष, सीएमओ समेत 5 पर कार्रवाई बाकी
27-Jan-2025 3:06 PM
भ्रष्टाचार मामले में 13 साल बाद महासमुंद पालिका कर्मचारी गिरफ्तार, नपाध्यक्ष, सीएमओ समेत 5 पर कार्रवाई बाकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 जनवरी। पूरे 13 साल बाद भ्रष्टाचार मामले में महासमुंद नगरपालिका का कर्मचारी गिरफ्तार हुआ है।

मालूम हो कि महासमुंद नगर पालिका में ट्रैक्टर से पानी सप्लाई में हेराफेरी पूर्व अध्यक्ष समेत 6 लोगों पर 13 साल पहले केस दर्ज हुआ था। इस गबन मामले में पालिका के सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी सीताराम तेलक को दो दिन पहले गिरफ्तार किया गया है। यह मामला 2010 का है, जब ग्रीष्मकाल में पानी सप्लाई के लिए नियम विरुद्ध कार्य किया गया था। पानी सप्लाई के लिए 5 लाख तक का ट्रैक्टर निविदा आमंत्रित किया था। लेकिन अध्यक्ष,सीएमओ सहित कर्मचारियों ने 5 ट्रैक्टर के बजाए 11 ट्रैक्टर से पानी सप्लाई में लगाया था। इसके लिए व्यय सीमा 5 लाख थीं। लेकिन मिलीभगत करके 8 लाख से अधिक का भुगतान किया गया।

इसी तरह आरोप था कि नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग के वाहन में डीजल की अधिक खपत का भुगतान किया गया। विभिन्न वार्डों में छोटे-छोटे मरम्मत और निर्माण कार्य में भुगतान में गड़बड़ी की गई थी। अभी भी नगर पालिका अध्यक्षस सीएमओ  सहित 5 लोगों की गिरफ्तारी होनी बाकी है। जानकारी के अनुसार बिना स्वीकृति के 5 की जगह 11 ट्रैक्टरों का कार्यादेश जारी किया गया। इसके अलावा तत्कालीन अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग के वाहन में डीजल की अधिक खपत दिखाकर अतिरिक्त भुगतान किया गया। आरोपी कर्मचारी ने ट्रैक्टरों का बिल तैयार कर 5 लाख की निविदा के विरुद्ध 8 लाख से अधिक का भुगतान कर दिया था।

इस मामले में तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, मुख्य नगर पालिका अधिकारी आरके डोंगरे, इंजीनियर विशाल मिश्रा, डिग्रीलाल ध्रुव और लेखापाल ईश्वरी साहू के खिलाफ  एफआईआर दर्ज है। यह शिकायत तत्कालीन सीएमओ प्रमोद शुक्ला ने दर्ज कराई थी। यह मामला राजनीतिक दबाव के कारण दबा रहा। तत्कालीन पार्षद पंकज साहू की शिकायत पर संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन विकास विभाग ने जांच की और 1 मार्च 2012 को एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया था। लेकिन उस समय राज्य में भाजपा की सरकार थी और आरोपी अध्यक्ष महिलांग भी भाजपा में शामिल हो गई थी। इसलिए मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अब उच्च न्यायालय की फटकार के बाद पुलिस महानिरीक्षक से शिकायत करते हुए बिलासपुर उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर की गई तो उच्च न्यायालय के अवमानना पर कोर्ट ने पुलिस को जमकर फटकार लगाई। सूचना प्रतिवेदन धारा 154 दं. प्रक्रिया संहिता के तहत अब उच्च न्यायालय की फटकार के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है।

जानकारी अनुसार इस बीच पुलिस महानिरीक्षक रेंज ने भी 22 मई 2023 को महासमुंद एसपी को तत्कालीन एडिशनल एसपी, थाना प्रभारी को विभागीय जांच का आदेश दिया था। जांच अब भी चल रही है। साल 2010-11 के कार्यकाल में नगर पालिका परिषद द्वारा ग्रीष्म ऋतु में सभी वार्डों में पानी सप्लाई के लिए 5 लाख तक का ट्रैक्टर निविदा आमंत्रित किया था। जिसमें गबन का आरोप था। पुलिस ने जांच के नाम पर 13 सालों तक इस मामले को ठंडे बस्ते में रखा। यहां तक कि पुलिस ने दस्तावेज नहीं मिलने का हवाला देकर 2019 में गबन के मामले को खत्म करने की कोशिश की। लेकिन पूर्व पार्षद पंकज साहू ने पुलिस की संदिग्ध भूमिका और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर पुलिस महानिरीक्षक से शिकायत करते हुए बिलासपुर उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर दी।


अन्य पोस्ट