महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जनवरी। जिले के बसना सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम लोहरीनडोंगरी में जेसीबी से खेत बनवाते समय दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों ने एक-दूसरे के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
दलभंजन पटेल के अनुसार 19 जनवरी को वह ग्राम पंचायत पिपरौद के आश्रित ग्राम लोहरीनडोंगरी में स्थित निजी भूमि खसरा नं. 60 के खेत के मेड़ किनारे को जेसीबी से खेत बनवा रहा था। जिस पर गांव के प्रेम शंकर पटेल, चुमन पटेल, रामलाल पटेल, नीलांबर पटेल, गुरूचरन पटेल ने गाली-गलौच कर डंडे से दलभंजन के साथ मारपीट की। जिससे उसके सिर में चोट लगी है।
मामले की शिकायत पर पुलिस ने प्रेम शंकर पटेल, चुमन पटेल, रामलाल पटेल, नीलांबर पटेल और गुरूचरन पटेल के विरुद्ध अपराध धारा 115-2, 191-2, 296, 3, 5 बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
इसी मामले में पुलिस ने प्रार्थी प्रेम प्रेमशंकर की रिपोर्ट पर जलभंजन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रेमशंकर पटेल के अनुसार 19 जनवरी 2025 को लोहरीनडोंगरी में वर्ष 2011-12 में मनरेगा के तहत खसरा न. 62 में मनरेगा के तहत आम रास्ता बना है। जिसमें लोहरीनडोंगरी एवं पिपरौद गांव के लोगों का आना-जाना होता है। जहां दलभंजन पटेल और शशिभूषण पटेल ने हमारा जमीन है कहकर जेसीबी लगाकर रास्ता को खेत बना रहा था। जिसे प्रेमशंकर और गांव के चुमन पटेल ने आम लोगों का आने जाने का रास्ता है, इसे तुम क्यों खेत बना रहे हो कहा।
इस पर दलभंजन और शशिभूषण मां बहन की गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे की राड लेकर मारपीट करने के लिये उतारू हो गया। जिसे गांव के नीलांबर पटेल, रामलाल पटेल, गुरूचरण पटेल ने बीच बचाव किया। इस शिकायत पर दलभंजन और शशिभूषण के विरुद्ध अपराध धारा 296, 3, 5 बीएनएसए के तहत कार्रवाई की गई है।