महासमुन्द

स्कूलों में प्री बोर्ड परीक्षाएं शुरू: इस साल दसवीं में 14-बारहवीं में 10 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे
22-Jan-2025 2:48 PM
स्कूलों में प्री बोर्ड परीक्षाएं शुरू: इस साल दसवीं में 14-बारहवीं में 10 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 22 जनवरी। दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बच्चों की तैयारियों का आंकलन करने के लिए जिले भर के स्कूलों में प्री-बोर्ड परीक्षाएं कल से शुरू हो गई है। इस बार बोर्ड परीक्षा के तर्ज पर ही प्री बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्न पत्र तैयार किए गए हैं। यदि किसी विषय पर बच्चों के अंक कम आते हैं, तो इसी आधार पर उन्हें बोर्ड परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी।

मिली जानकारी अनुसार इस बार दसवीं में 14 हजार तो बारहवीं में 10 हजार परीक्षार्थी प्री-बोर्ड परीक्षा दे रहे हैं। स्कूलों में प्री. बोर्ड परीक्षाएं तो चल रही हैं लेकिन अब भी कई स्कूलों में पाठ्यक्रम पूरा नहीं किया जा सका है। ऐसे में की प्री.बोर्ड परीक्षाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं। प्री-बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार किए गए प्रश्नपत्रों में से प्रायोगिक विषयों, जिनमें जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान, कृषि सहित अन्य के 75 अंकों के सवाल पूछे जा रहे हैं। इसके अलावा प्रायोगिक परीक्षाओं के कुल अंक 25 के आधार पर अलग से वार्षिक परीक्षा में अंक जोड़े जाएंगे। 75 अंकों की परीक्षा में छात्रों को न्यूनतम 25 अंक लेना अनिवार्य होगा। हिंदी, भाषा, सवालों पर आधारित प्रश्न पत्र तैयार किए हैं।

इसके साथ ही बोर्ड परीक्षा को मात्र 39 दिन का समय शेष है। ऐसे में पाठ्यक्रम पूरा करने के साथ ही छात्रों को परीक्षा के लिए तैयारी करवाना बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रही है। प्री-बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत के साथ ही जिले में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आचार संहिता लागू हो चुकी है। ऐसे में जहां शिक्षकों पर पाठ्यक्रम पूरा करने के साथ ही परीक्षा की तैयारी का दबाव है। वहीं नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की जिम्मेदारी भी शिक्षकों पर है।

चर्चा है कि इन हालातों में परीक्षा और चुनाव दोनों प्रभावित हो सकते हैं। शिक्षकों में इस बात को लेकर असमंजस की स्थिति है कि वे परीक्षा ड्यूटी करें या चुनाव ड्यूटी।


अन्य पोस्ट