महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जनवरी। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदकर एकमुश्त 3100 रुपए का भुगतान 2 दिन के भीतर करने का वादा कर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा की सरकार ने किसानों को छलने के अलावा कुछ नहीं किया। सरकार ने पहला छल धान खरीदी विलंब से शुरू कर किया। पश्चात अनेक प्रकार के व्यवधान उत्पन्न कर धान खरीदी को प्रभावित करने का प्रयास किया। उपार्जन केंद्रों में बारदाने की संकट, टोकन की समस्याए बफर लिमिट से अधिक धान जाम होना, परिवहन नहीं होने आदि कारणों से अनेक बार धान खरीदी बंद होती रही। जिससे किसान पूरे सीजन भर धान बेचने परेशान होते रहे। किसी तरह अनेक परेशानियों का सामना करते हुए प्रदेश के 85 प्रतिशत किसान अपना धान बेच पाए। 15 फीसदी किसान अभी तक धान बेचने जद्दोजहद कर रहे हैं। जिन किसानों ने धान बेचा है, उन्हें भाजपा सरकार को अपने वादानुरूप एकमुश्त 3100 रुपए का भुगतान दो दिन के भीतर किया जाना था।
2300 रुपए केंद्र की एमएसपी के साथ 800 रुपए अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान के लिए पंचायतों में अलग काउंटर लगाने का वादा भाजपा ने किया था, जो केवल जुमले ही साबित हुए।
श्री चंद्राकर ने कहा कि सरकार द्वारा 15 फरवरी तक किसानों को अंतर की राशि देने की बात कही जा रही है। जो किसानों के साथ सरासर धोखा है। 31 जनवरी के बाद धान खरीदी बंद हो जाएगी। ऐसे में किसानों को धान खरीदी के समय रहते ही एकमुश्त अंतर की राशि प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी के हिसाब से 16800 रुपए तत्काल प्रदान किया जाना चाहिए। सरकार पहले ही किसानों को एकमुश्त 3100 रुपए भुगतान न कर धोखेबाजी कर चुकी है।
ऐसे में अब फरवरी के 15 तारीख तक अंतर की राशि देने की बात कही जा रही है। किसानों के धान बिक्री दिनांक से अब तक का 800 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से सरकार को ब्याज भी देना चाहिए।
वर्तमान में किसानों को रबी फसल के लिए रुपए की आवश्यकता है। खाद, बीज, दवाई के लिए उन्हें भटकना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार तारीख पे तारीख देकर किसानों के भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है।
यह सरकार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में लाभ पाने किसानों को केवल गुमराह कर रही है। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रदेश के किसान भाजपा को सबक सिखाएगी।