महासमुन्द
नपं अध्यक्ष टिकट को लेकर खींचतान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 22 जनवरी। नगर पंचायत चुनाव के लिए मात्र 19 दिन शेष है। चुनावी घोषणा के साथ ही अब धीरे-धीरे दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों में टिकट वितरण के लिए जमीनी स्तर पर चुनाव जीतने में सक्षम प्रत्याशियों के लिए रायशुमारी की जा रही है। कांग्रेस से इस बार भी चर्चित चेहरा आत्माराम यादव को मैदान में उतारने की तैयारी दिखाई दे रही है, वहीं भाजपा में पूर्व नपं अध्यक्ष देवसिंह निषाद की मजबूत दावेदारी है।
आज नगर पंचायत चुनाव हेतु नामांकन भरने प्रारम्भ हो गए। चूंकि नगरीय निकाय चुनाव दलगत होने हंै एवं अध्यक्ष निर्वाचन भी प्रत्यक्ष ही होना है, लिहाजा इस बार मुकाबला दिलचस्प होने वाला है।
पिथौरा नगर में कुल 15 वार्ड हैं। आरक्षण में पिथौरा नपं अध्यक्ष पद सामान्य (मुक्त) घोषित हुआ है। आरक्षण की प्रक्रिया के बाद अनेक वर्तमान पार्षद अपने वार्ड आरक्षण की भेंट चढऩे के बाद नए वार्ड से चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं।
बात करे अध्यक्ष चुनाव की तो विगत अप्रत्यक्ष चुनाव में कांग्रेस से आत्माराम पार्षद चुनाव जीतने के बाद निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। परन्तु इस बार उन्हें वार्ड नहीं बल्कि पूरे नगर का समर्थन लेना होगा। वैसे श्री यादव ने अपने विगत कार्यकाल में नगर विकास के अनेक कार्य करवाये हैं, जो कि नगरवासियों की लंबे समय तक मांग रही है।
मसलन गौरव पथ, पेयजल विस्तार हेतु नई पाइप लाइन, स्टेडियम निर्माण, स्टेडियम में रात्रिकालीन खेल के लिए हाई मास्क लाइट, नगर की गली-मोहल्लों में सीसी रोड, पुरानी बस्ती तालाब सौंदर्यीकरण सहित मंगल भवन स्वीकृत करवा कर कार्य भी पूर्ण करवाया गया है। जिससे विकास का नजरिया देखने वालों के बीच उनकी स्थिति काफी मजबूत कही जा सकती है।
इसके अलावा विगत वर्ष भाजपा में प्रवेश किये पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष देवसिंह निषाद को भाजपा अपना प्रत्याशी बना सकती है। श्री निषाद पर थोड़ा निष्क्रियता के आरोप तो लगते हैं, परन्तु किसी भी कार्य के लिए न नहीं कहने की आदत उनकी लोकप्रियता का बहुत बड़ा कारण हो सकता है। पारिवारिक पृष्ठभूमि में भी श्री निषाद आम मतदाताओं के खासे करीब है।
व्यापारी एकता मंच के पूर्व अध्यक्ष एवं अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अनूप अग्रवाल भी स्थानीय विधायक गुट से भाजपा की टिकट के सशक्त दावेदार हैं। व्यवसायियों के बीच श्री अग्रवाल का खासा प्रभाव बताया जाता है।
उक्त सभी से हटकर लगातार नगर के दिन दुखियों की सेवा के नाम से विभिन्न सेवा कार्यों में लगातार लगे रहने वाले आकाश एरन एक चर्चित चेहरा है। नगर के विभिन्न समाज के बीच उनकी खासी पैठ है, परन्तु वे स्वतंत्र समाज सेवा का कार्य करते हंै। लिहाजा वे किसी भी राजनीतिक दल से टिकट की मांग नहीं कर रहे हैं, परन्तु उनके पास युवाओं की एक बड़ी फौज है। सूत्रों के अनुसार उनकी मित्र मंडली के दबाव में वे निर्दलीय मैदान में कूद सकते हैं।
अंतिम टक्कर आत्मा- देवेश के बीच ही
दूसरी ओर भाजपा एवं कांग्रेस खेमे में चल रहे चर्चाओं के दौर से एक बात तो तय लगती है कि अंतत: अध्यक्ष पद हेतु मुकाबला तो कांग्रेस से आत्माराम यादव एवं भाजपा से देवेश निषाद के बीच ही होनी तय है।
बहरहाल स्थानीय नगर पंचायत में अध्यक्ष पद हेतु चर्चाओं का बीच दोनों प्रमुख प्रत्याशी टिकट की जद्दोजहद के साथ जनसम्पर्क में भी जुट गए हंै।

