महासमुन्द

3 दिनों में अलग-अलग जगहों पर 3 लाशें मिली, 2 शिनाख्त, एक अब भी लावारिस
21-Jan-2025 2:45 PM
3 दिनों में अलग-अलग जगहों पर 3 लाशें  मिली, 2 शिनाख्त, एक अब भी लावारिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जनवरी।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या तथा चाकूबाजी की घटनाओं में अचानक ही वृद्धि हुई है। लिहाजा पिछले 3 दिनों में जिले के अलग-अलग स्थानों में 3 लाशें मिल चुकी है। इसमें एक मामले में पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज किया है।

बहरहाल, बाकी 2 शवों को लेकर जांच जारी है। इससे पहले 19 जनवरी और 20 जनवरी को भी सडक़ों के किनारे अलग-अलग स्थानों पर दो शव पुलिस को मिले हैं, जिनमें से दोनों की शिनाख्ति हो चुकी है औप उन शवों को परिजनों को सुपुर्द किया गया है। 

कल पटेवा थाना क्षेत्र के बरेकेल कला में एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद-बसना राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फोरलेन पर सडक़ से महज 60 मीटर की दूरी पर श्याम राइस मिल जाने वाले कच्चे मार्ग के किनारे एक खेत छोड़ कर पौंसरा गांव के एक किसान के खेत में कल सुबह 9 से 10 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति की दो-तीन दिन पुराना शव मिला। किसी ने 112 पुलिस एंबुलेंस को इसकी सूचना दी। पुलिस 112 एंबुलेस की टीम ने इसकी जानकारी थाना प्रभारी बसना को दी। 

जानकारी मिलते ही बसना पुलिस घटना स्थल पहुंची। तब तक घटनास्थल में लोगों का जमावड़ा लग चुका था। आसपास के ग्रामीण लाश को पहचानने का प्रयास किये। लाश का फोटो खींचकर सोशल मीडिया में भी शेयर किया गया एवं अज्ञात लाश के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। लेकिन दोपहर 3 बजे तक शिनाख्त नहीं हो पायी। बसना पुलिस एवं लोगों का कहना है कि जो लाश मिली है वह संभवत बाहर के किसी आदमी की होगी। फिलहाल बसना पुलिस लापता लोगों के विभिन्न थानों में दर्ज रिपोर्ट से मिलान करने फोटो भेज कर पतासाजी कर रही है। दोपहर 3 बजे तक शव के शिनाख्त नहीं होने पर बसना पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई कर शव को घटना स्थल से उठाकर बसना लाया गया। कुछ लोगों का मानना है कि अज्ञात शव का हुलिया देखकर ऐसा लगता है कि कोई ड्राइवर या कंडक्टर हो सकता है या फिर बाहरी व्यक्ति का शव हो सकता है। 

बहरहाल बसना पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विवेचना करने में जुटी गई है। शव को देखने से पता चल रहा है कि दो-तीन दिन पुरानी है। उक्त व्यक्ति की हत्या कर फेंका गया है, या उसकी मौत किस तरह हुई है, इसकी विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत का पता चल पाएगा। 

पुलिस के मुताबिक अज्ञात ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से गले को हथियार से रेतने के बाद उसकी आंख पत्थर से कुचल दिया है। इस मामले में शिनाख्त के बाद पुलिस ने अज्ञात के विरूद्ध हत्या का अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट