महासमुन्द
महासमुंद,17 जनवरी। नयापारा महासमुंद में पूर्व सैनिक एवं शिक्षक मानिक साहू एवं आशा साहू के प्रांगण में भागवत कथा का आयोजन किया गया है। कथावाचक भागीरथी तिवारी पंचकोशी धाम फिंगेश्वर वाले ने तीसरे दिन ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुये कहा कि भागवत में ज्ञान योग, कर्म योग, समाज धर्म, स्त्री धर्म, राजनीति आदि का ज्ञान भरा है।
उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण मात्र से मुक्ति संभव है। यह एक ऐसा शास्त्र है जिसके श्रवण और मनन करने पर कुछ जानने जैसा बाकी रहता नहीं है। पं. भागीरथी तिवारी ने कहा कि इसे सुनने से मनुष्य तृप्त होता है और जन्म जन्मान्तर के पाप से मुक्त हो जाता है। ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुये कहा कि भक्त ध्रुव की तरह दृढ़ निश्चय व संकल्प से ईश्वर को प्राप्त किया जा सकता है।
उक्त जानकारी देते हुए सूरज साहू, वेद साहू ने बताया कि कथा का प्रारंभ 14 जनवरी मकर संक्रांति से किया जा चुका है जो माघ कृष्ण अष्टमी 22 जनवरी तक गीता ज्ञान, हवन के साथ समाप्त होगा।