महासमुन्द

साढ़े 22 लाख का गांजा जब्त, यूपी का एक तस्कर बंदी, एक फरार
12-Jan-2025 2:59 PM
साढ़े 22 लाख का गांजा जब्त, यूपी का एक तस्कर बंदी, एक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 जनवरी।
एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स महासमुंद एवं थाना सिंघोड़ा की संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा  की तस्करी करते एक  अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 149.4 किलोग्राम गांजा कीमती 22 लाख 41 हजार रुपए का गांजा, एक इनोवा वाहन क़ीमत 10 लाख रुपए  कुल कीमती 32 लाख 41 हजार रुपए जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक 10 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सिल्वर कलर के इनोवा कार में दो व्यक्ति गांजा रखकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर तस्दीक हेतु एन एच 53 रोड ग्राम रेहटीखोल पहुंच कर टीम को कुछ समय बाद मुखबिर के बताये हुलिया की एक सिल्वर कलर इनोवा कार आते दिखी, जिसे रोका गया।

वाहन में सवार दो व्यक्ति वाहन को छोडक़र भागने लगे, जिन्हें टीम ने दौड़ाकर पकड़ा, फिर भी इनमें से एक व्यक्ति फरार हो गया। पकड़े गए व्यक्ति ने वाहन में गांजा रखना स्वीकार किया तथा उक्त गांजा को सोनपुर ओडिशा से लखनऊ उत्तरप्रदेश खपाने ले जाना बताया। नाम पता पूछने पर चालक ने अपना नाम  रवि गुप्ता उत्तरप्रदेश का निवासी होना बताया।

टीम ने वाहन की तलाशी ली। इस दौरान वाहन के बीच सीट एवं पीछे सीट में 6 प्लास्टिक बोरियों में भरा हुआ अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। वाहन में अवैध  मादक पदार्थ गांजा परिवहन करते पाये जाने पर मौके पर  विधिवत कार्रवाई  करते हुए आरोपी के कब्जे से  कुल 149.4 कि.ग्रा.  अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती 22 लाख 41 हजार रुपए एवं एक वाहन कीमती 10 लाख जुमला कीमती 32 लाख 41 हजार जब्त किया गया। 

आरोपी द्वारा अवैध रूप से गांजा परिवहन करते पाए जाने से  थाना सिंघोड़ा में अपराध/धारा 20(ख) एनडीपीएस के तहत् कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।  फरार आरोपी की पतासाजी पुलिस टीम के द्वारा की जा रही है।


अन्य पोस्ट