महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 जनवरी। लीवर की बीमारी से अपने रिश्तेदार को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर आयी एक महिला से अन्य महिला ने 39 हजार रुपए के जेवर ठग लिये। सीसी फुटेज में रिकॉर्ड हुलिये के आधार पर उक्त ठग महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के पास से पुलिस ने 2 सोने के टॉप्स, 2 चांदी का कड़ा कीमती 39 हजार रुपए जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थिया सुमित्रा जलक्षत्री आरंग ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने रिश्तेदार को उपचार हेतु 9 दिसंबर को जिला अस्पताल महासमुंद में भर्ती करायी थी। इसी दरमियान 13 दिसम्बर को जिला अस्पताल महासमुंद में एक अज्ञात महिला आई और प्रार्थिया से कहा कि गरीब परिवार को शासन की ओर से इलाज के लिये पैसा मिलता है, इलाज हेतु शासन की ओर से वह पैसा दिलवा सकती है।
उसने प्रार्थिया को तहसील कार्यालय महासमुंद चलने कहा। अज्ञात महिला के झांसे में आकर प्रार्थिया तहसील कार्यालय महासमुंद आई। तहसील कार्यालय पहुंचने के बाद वह अज्ञात महिला ने कहा कि पैसा प्राप्त करने के लिए फोटो खिंचाना पड़ेगा। जिसमें प्रार्थिया को गरीब व असहाय जैसे दिखाई देना चाहिए, इसलिये जो भी सोने व चांदी के जेवर है, उसे निकाल कर अलग रख दो।
उसके झांसे में आकर प्रार्थिया ने अपने पहने 2 सोने के टॉप्स व 2 चांदी का कड़ा निकाल उस अज्ञात महिला को दे दिया और अज्ञात महिला सोने की टॉप्स व पैठी को लेकर तहसील कार्यालय के अंदर चली गई।
उक्त महिला ने प्रार्थिया को इंतजार करने के लिये कहा। प्रार्थिया बाहर बैठकर उस अज्ञात महिला का इंतजार करती रही। काफी देर तक इंतजार करने के बाद ठग महिला कार्यालय के बाहर नहीं आई तो प्रार्थिया ने कार्यालय अंदर जाकर देखा तो वह महिला अंदर नहीं थी।
बाहर निकल कर आसपास पता तलाश की। किंतु वह नहीं मिली। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना महासमुंद में अपराध धारा 318 (4) का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर को सक्रिय कर उक्त संदिग्ध महिला की पतासाजी की जा रही थी कि मुखबिर से सूचना मिला कि संदेही हुलिया से मिलती जुलती उक्त महिला जिला अस्पताल में खड़ी है।
पुलिस टीम ने मुखबिर के निशानदेही पर मौके पर पहुंच कर संदिग्ध महिला से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपिया ने अपना नाम पार्वती यादव बीरगांव, थाना उरला, जिला रायपुर निवासी बताया है। उसने प्रार्थिया के साथ ठगी का अपराध करना स्वीकार किया है। पुलिस टीम ने आरोपिया के क़ब्जे से 2 सोने के टॉप्स व 2 चांदी का कड़ा कीमती 39000 रुपए जब्त कर आरोपिया के विरूद्ध थाना महासमुंद में अपराध धारा 318(4) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपिया पार्वती यादव के विरुद्ध पूर्व में भी धोखाधड़ी/चोरी के 8 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।