महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,7जनवरी। सर्व पिछड़ा वर्ग समाज कल मुख्यमंत्री से मिलने कार्यक्रम स्थल स्वामी आत्मानंद हिंदी स्कूल ग्राउंड पहुंचे थे, लेकिन उन्हें सीएम से मिलने का मौका नहीं मिला। जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चन्द्राकर ने कहा कि सोमवार को सीएम से मिलकर आरक्षण संबंधी चर्चा करना था। इसके लिए एक बैठक विवेचनात्मक रूप से श्रीराम मंदिर में हुई है। तत्पश्चात मुख्यमंत्री व राज्यपाल के नाम तहसीलदार महासमुंद को ज्ञापन दिया गया है। मुख्यमंत्री के महासमुंद प्रवास के दौरान प्रतिनिधि मंडल मुलाकात करना चाहते थे परंतु मुलाकात का समय नहीं मिलने से लोगों के बीच खासी नाराजगी रही और आने वाले समय में आंदोलन की तैयारी पर जोर दिया। कहा कि अगर पंचायत चुनाव में पुराना आरक्षण लागू नहीं होता है तो एसटी एससी और ओबीसी समाज मिलकर आंदोलन करेंगे। साथ ही जो भी राजनीतिक पार्टी या अन्य लोग हमारा साथ देते हैं, उसका हम समर्थन कर उनसे सहयोग प्राप्त करेंगे।
श्रीराम मंदिर में आहुत बैठक में जागेश्वर जुगनू चंद्राकर जिला पंचायत सदस्य, वीरेंद्र चंद्राकर सरपंच संघ अध्यक्ष महासंघ, कुणाल चंद्राकर जनपद सदस्य, नीलकंठ साहू सरपंच कनेकेरा, महिला सरपंच अनु चंद्राकर कौंदकेरा, कमल नारायण साहू सरपंच अछोला, प्रवीण चंद्राकर लभराखुर्द किसान, ताम्राध्वज निषाद सरपंच बिरकोनी, संदीप चंद्राकर सरपंच कांपा, देवदत्त चंद्राकर सरपंच खरोरा, आकाश निषाद जिला अध्यक्ष बसंत सिंह छत्तीगढिय़ा सर्व समाज, विनोद यादव जिला अध्यक्ष यादव समाज, मोरध्वज चक्रधारी जिला अध्यक्ष चक्रधारी समाज, पवन चंद्राकर पूर्व सरपंच एवं जनपद सदस्य आदि उपस्थित रहे। ज्ञापन में कहा गया है कि पंचायती राज संस्था ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, जिला पंचायत के सभी पदों पर पिछड़ा वर्ग के आरक्षण में भारी कटौती कर उनकी प्रतिनिधित्व को लगभग समाप्त कर दिया गया है। पहले के आरक्षण नियम अनुसार एकमुश्त 25 प्रतिशत सभी पदों पर पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष,जिला पंचायत अध्यक्ष में आरक्षण मिलता था। अब ऐसा नहीं है।
बताया कि नये आरक्षण नियम के अनुसार जनसंख्या के प्रतिशत के अनुसार पिछड़ा वर्ग को एक भी सीट नहीं मिल रहा है। पिछड़ा वर्ग का आरक्षण यहां शून्य कर दिया गया है। जबकि पहले के नियम में ओबीसी को 25 प्रतिशत सीट आरक्षित कर शेष 75 प्रतिशत शीट उनके लिये होता था। अब सामान्य क्षेत्र जैसा कि महासमुंद ब्लाक जिला में ओ बी सी पिछड़ा वर्ग को नये आरक्षण नियम का भी भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। अगर समय रहते विरोध नहीं करते हंै तो महासमुंद ब्लाक के 105 पंचायतों को पूर्व के नियम अनुसार उनकी जनसंख्या के प्रतिशत 16.67 को भी खत्म कर दिया जाएगा। इस प्रकार महासमुंद ओबीसी सर्वे पश्चात जिला की कुल जनसंख्या 1091767 है । इसलिये पंचायतीराज संस्था मे पंच सरपंच जनपद जिला पंचायत सदस्य के पदों में बहुत नुकसान ओबीसी वर्ग को होगा तथा जिला अध्यक्ष पद में तो पूरा का पूरा नुकसान हो रहा है।
अभी के नियम में एक भी सीट ओबीसी को नहीं मिलेगा।