महासमुन्द

जहां-जहां भाजपा की सरकारें वहां जंगलों-पहाड़ों को नष्ट करने बन रही योजना-विनोद चंद्राकर
06-Jan-2025 2:45 PM
जहां-जहां भाजपा की सरकारें वहां जंगलों-पहाड़ों  को नष्ट करने बन रही योजना-विनोद चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 6 जनवरी। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि भाजपा की कथित डबल इंजन की सरकार देश वासियों के लिए ट्रबल इंजन साबित हो रहा है।

 देश के जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। वहां के देवस्थलों, ऐतिहासिक काल से जुड़े जंगलों व पहाड़ों को नष्ट करने की योजना भाजपा की सरकारों ने अडाणी समूह के साथ मिलकर बनाया है। इसका एक ताजा उदाहरण तो छत्तीसगढ़ के लोग हसदेव जंगल की कटाई के रूप में देख ही रहे हैं। जहां भगवान श्रीराम ने अपने वनवास काल का अधिकांश समय बिताया था। अब ओडिशा में भी भाजपा की ट्रबल इंजन सरकार ने रामायण काल के ऐतिहासिक मान्यताओं से जुड़ी गंधमार्दन पर्वत को तबाह करने की सुनियोजित प्लान तैयार किया है। यह सरकार प्राकृतिक स्थलों, जंगलों को नष्ट कर देश को संकट की ओर धकेलने का काम कर रही है।

श्री चंद्राकर ने कहा कि भगवान श्रीराम ने वनवास के 14 सालों में से 10 वर्ष दंडकारण्य में बिताया था। आज का छत्तीसगढ़ ही उस समय का दंडकारण्य है। इसी को ध्यान में रखकर पूर्ववर्ती भूपेश सरकार ने राम वन गमन पथ को विकसित करने की योजना बनाई थी। साथ ही आदिवासियों की देव भूमि हसदेव अरण्य के जंगल को न काटने का प्रस्ताव विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित किया गया था। लेकिन भाजपा की सरकार आते ही हसदेव जंगल को अडाणी के हवाले कर दिया गया।

श्री चंद्राकर ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ सहित ओड़िशा के लोगों से छल कर सरकार बनाने वाली भाजपा ने ओडि़शा में भी अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। वहां भाजपा सरकार की सहयोग से अडाणी कंपनी ने गंधमार्दन पर्वत के आसपास की जमीन खरीदी है। पता चला है कि बलांगीर जिले के खपराखोल क्षेत्र में हाल ही में अदाणी कंपनी द्वारा 18 एकड़ जमीन खरीदी है। इसी तरह बरगढ़ जिले के सिल्ट ब्लॉक के तहत कटाबहाल के युवाखोल गांव में 23 एक ड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया है। अडाणी कंपनी ने बलांगीर जिले के पाटनागड़ तहसील के तहत बेलपाड़ा ब्लॉक डुडुकमल में 33 एकड़ जमीन, वालुपुरी गांव में 61 एकड़ जमीन खरीदी है। साथ ही भैंसा सर्कल के तहत 43 एकड़ जमीन खरीदी है।

इस तरह गंधमर्दन के आसपास के 27 प्लॉट अडाणी के नाम पर खरीदे गए हैं। गंधमार्दन पहाडिय़ों के घने जंगल आदिवासी समुदाय की आजीविका का मुख्य साधन है। गंधमार्दन पहाड़ वनस्पतियों और जीवों से भरी हुई है और दुर्लभ औषधीय पौधों का भंडार के लिए जानी जाती है। साथ ही भारत का सबसे बड़ा बॉक्साइट भंडार इसी पहाड़ी के आसपास हैै। 207 मिलियन टन बॉक्साइट होने का दावा किया गया है। जिस पर अडाणी की गिद्ध दृष्टि पड़ गई है।

श्री चंद्राकर ने कहा कि यह पहाड़ी स्थानीय लोगों के लिए पवित्र है। उनका मानना है कि भगवान हनुमान ने लक्ष्मण के जीवन को बचाने के लिए इस पर्वत को हिमालय से अपने कंधों पर उठाया था। जड़ी बूटी की पहचान नहीं कर पाने की वजह से अपने कंधों पर पर्वत उठाकर उड़ते हुए लंका की ओर बढ़े तभी एक हिस्सा नीचे गिर गया था। गंधमर्दन उस हिस्से का ही पर्याय है। इस पहाड़ी की उत्तरी ढलान पर नृसिंहनाथ मंदिर स्थित है। जबकि दक्षिणी ढलान पर प्रसिद्ध हरिशंकर मंदिर है। छत्तीसगढ़ के लोगों की आस्था भी उक्त मंदिरों से जुड़ी हुई है।


अन्य पोस्ट