महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जनवरी। बागबाहरा के समीपस्थ ग्राम घुंचापाली में पहाड़ व वनों में स्थित चंडी देवी मंदिर प्रांगण में आर्ट ऑफ लिविंग के एडवांस मेडिटेशन कोर्स का आयोजन किया गया। इस कोर्स में छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा के 70 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कोर्स में प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान के महत्वपूर्ण प्रयोगों से अवगत कराया गया।
प्रतिभागियों ने इस कोर्स में तीन दिन तक पूर्ण मौन धारण किया। कोर्स के प्रशिक्षक के रूप में प्रवीण मेहता का उदयपुर राजस्थान से आगमन हुआ था। यहां उपस्थित प्रवीण मेहता आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक हैं। कोर्स में प्रतिदिन स्वयं प्रवीण मेहता ने सुमधुर भजनों का गायन किया। चंडी देवी के प्रांगण में एडवांस मेडिटेशन कोर्स के आयोजन का यह चौथा वर्ष था। इस कोर्स के माध्यम से बागबाहरा निवासी दिवंगत प्रशिक्षक डी एन डहरवाल और भोज कुमार साहू को श्रद्धांजलि दी गई।
इस मौके पर सभी प्रतिभागियों ने इस आयोजन को हर साल करने का संकल्प लिया।