महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जनवरी। नववर्ष के पहले ही दिन बुधवार को बसना-रायपुर बाईपास के पास एक मोटर साइकिल ट्रैक्टर से टकरा गई। जिसमें बाइक चालक तथा वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुये उच्च स्तरीय उपचारार्थ रायपुर ले जाया जा रहा था। परंतु वृद्ध की रास्ते में ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त घटना नगर से करीब एक-डेढ़ किलोमीटर दूर बसना-रायपुर बाईपास की है। जहां नववर्ष के पहले दिन बुधवार रात को दुर्घटना घटी।
बताया गया है कि सुकलाल पिता गोपी चौहान (65 वर्ष) सपोस निवासी मुर्गी खरीद कर सायकल से गांव-गांव बेचने का काम करता था। मोटर सायकल चलाने नहीं आने पर कल रात वह डोला राणा की मोटर सायकल में मुर्गी खरीदने हेतु बसना आया था।
रात करीब 7.8 बजे वापस घर आते समय राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फोर लाइन में बसना-रायपुर बाईपास के पास उनकी मोटर सायकल एक ट्रैक्टर से टकरा गई। दुर्घटना में डोला राणा ग्राम सांकरा निवासी को गंभीर चोटें आई है तथा सुकलाल चौहान का पैर फैक्चर हो गया तथा सिर में भी गंभीर चोटे आयी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बसना लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुये रायपुर भेज दिया गया। इस दौरान रायपुर पहुंचने से पहले रास्ते में सुकलाल चौहान ने दम तोड़ दिया। जबकि डोलाराणा को उच्च स्तरीय चिकित्सा हेतु रायपुर भेज दिया गया है।
घटना की जानकारी दूसरे दिन मृतक के परिजनों ने बसना थाने में दी है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर बसना पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद सुकलाल चौहान के परिजनों को शव सौंप दिया गया है।