महासमुन्द

नये साल पर पिकनिक की खुमारी आज भी, कोडार, सिरपुर, चंडी, खल्लारी मंदिर गुलजार
02-Jan-2025 3:03 PM
नये साल पर पिकनिक की खुमारी आज भी,  कोडार, सिरपुर, चंडी, खल्लारी मंदिर गुलजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 जनवरी। शहर सहित अंचल भर में बुधवार को सभी लोगों ने अपने-अपने स्तर पर नववर्ष 2025 का स्वागत किया। आज गुरुवार को भी नववर्ष की शुभकामनाएं देने का दौर जारी है।

 इस तरह वर्ष 2025 का पहले दिन लोगों ने मंदिरों सहित आसपास के पर्यटन स्थलों में बिताया और अपने परिवारजनों के साथ वन क्षेत्रों, उद्यानों में एक साथ भोजन किया। कल देर रात तक महासमुंद के उद्यानों के अलावा लभरा स्थित संजय कानन, कोडार,सिरपुर, कोडार डेम, दलदली में सैलानियों की अच्छी भीड़ रही। एक दिन पूर्व थर्टी फस्र्ट से ही आसपास के पर्यटन क्षेत्र गुलजार हो चुके थे।

बुधवार को साल की पहली सुबह महासमुंद शहर स्थित मंदिरों के अलावा कनेकेरा, बम्हनी, दलदली सहित आसपास के शिवालयों में लोगों का तांता रात तक लगा रहा। मंदिरों में भजन-कीर्तन होते रहे। लोगों ने वर्ष 2024 की खट्टी-मिठी यादों को पीछे छोड़ते हुए वर्ष 2025 के लिए कुछ नये संकल्पों की शुरूआत भी की।

वैसे 31 दिसंबर की रात 2024 को विदाई देने और नव वर्ष 2025 का स्वागत करने शहर के अनेक स्थानों में कार्यक्रम आहुत किये गये। बीते वर्ष की विदाई एवं नववर्ष का स्वागत गांव, शहर, मोहल्लों, पिकनिक स्पाट में लोगों ने अपने-अपने अंदाज में बाजे-गाजे के साथ धूमधाम से किया।

 आधी रात को जमकर आतिशबाजी भी की। उत्साही मित्रों की टोलियां अपने पंसदीदा स्थलों में देर रात नववर्ष मनाने के बाद वापस लौटी। कल दिन भर लोग अपने परिजनों के साथ पिकनिक मनाते दिखे। इस दौरान पूरे समय पुलिस शांति व्यवस्था बनाने में सक्रिय दिखी।

बुधवार को सिरपुर स्थित श्रीगंधेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही लोगों का तांता लगा। भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई।

मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों के अनुसार बुधवार को अल सुबह से लोग शिवजी के दर्शन के लिए पहुंचे थे। देर रात भक्तों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। लोगों ने पहले गंधेश्वर महादेव के दर्शन किए, बाद यहां सुरंग टीला और लक्ष्मण मंदिर के अलाव म्यूजियम का भ्रमण किया। जानकारी के अनुसार दोपहर 12 बजे तक लक्ष्मण मंदिर देखने के लिए हजारों टिकट कट चुकी थी।

आज भी लोग खल्लारी माता दर्शन करने पहुंच रहे हैं। यहां रोप-वे चालू हो जाने के बाद से ही आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पहुंच रहे हैं। रोप-वे से प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेकर लोगों ने मां खल्लारी के दर्शन किया और परिवार सहित पहाड़ पर पिकनिक मनाया। यही हाल मुंचापाली चंडी मंदिर में रहा। यहां भक्तों ने मां चण्डी की पूजा-अर्चना कर प्रकृति की गोद में फुरसत के कुछ पल गुजारे। नववर्ष पर मंदिरों और देवालयों के अलावा विभिन्न पार्कों में लोग आज भी सपरिवार नववर्ष के पहले दिन का का आनंद उठा रहे हैं।

जगह-जगह जवानों की रही तैनाती

ज्ञात हो कि नववर्ष पार्टी के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने थर्टी फस्र्ट 2024 से ही जिले भर में पेट्रोलिंग के साथ अनेक स्थानों पर पुलिस जवानों की पॉइंटे लगाई थी। इसके मद्देनजर शराब पीकर वाहन चालन करने वालों तथा हाईस्पीड में वाहन चलाने वालों पर पुलिस द्वारा विशेष नजर रखी जा रही थी। जिले के सभी ब्लॉकों में 200 से अधिक जवानों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा शहर में बरोंडा चौक, कांग्रेस भवन के समीप, आंबेडकर चौक, जिला अस्पताल, नयापारा संतोषी मंदिर के पास सुभाष नगर, संजय कानन सहित आउटर स्पॉट पर जवानों की तैनाती की गई थी। फलस्वरूप छिटपुट घटनाओं को छोड़ किसी भी प्रकार की बड़ी घटना सामने नहीं आयी है।


अन्य पोस्ट