महासमुन्द

भुइयां सॉफ्टवेयर में गड़बडिय़ां, तहसील-दफ्तरों के चक्कर लगा रहे किसान
02-Jan-2025 2:24 PM
भुइयां सॉफ्टवेयर में गड़बडिय़ां, तहसील-दफ्तरों के चक्कर लगा रहे किसान

फौती  कटाने के बाद भी दिखाई दे रहा पुराने भूमि स्वामी का नाम

एक खसरा नंबर ऑटोमेटिक 2 लोगों के नाम पर हो जाता है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 जनवरी। भुइयां सॉफ्टवेयर  में गड़बड़ी साल भर बाद भी नहीं सुुधरी है। फौती काटने के बाद भी इसमें पुराने भूमि स्वामी का नाम दिखाई दे रहा है। संस्था का नाम डालने पर इसमें प्रोप्राइटर का नाम डाउनलोड हो जाता है। इस तरह भुइयां सॉफ्टवेयर तथा एप में व्याप्त अनेक विसंगतियों के सुधार में अब भी शासन-प्रशासन का ध्यान नहीं है। फलस्वरूप किसानों को भूमि संबंधित समस्याओं को लेकर तहसील दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

विभागीय जानकारी अनुसार जिले भर में हजारों की संख्या में अनेक ऐसे मामले हैं जिसमें किसी का रकबा शून्य दिखाई दे रहा है तो किसी के रकबे में बढ़ोत्तरी हो गई है। यही नहीं, फौती कटाने के बाद भी पुराने भू स्वामी का नाम सॉफ्टवेयर में दिखाई दे रहा है तथा एक ही रकबा दो लोगों के नाम है। इस तरह की अनेक विसंगतियां है। पटवारियों ने इस संबंध में आंदोलन कर अनेक बार शासन-प्रशासन से सुधार की मांग की है लेकिन बीत गया, यह समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार भुइयां सॉफ्टवेयर के माध्यम से सभी राजस्व रिकॉर्ड डिजिटल किए जा रहे हैं। लेकिन भुइयां सॉफ्टवेयरमें गलत ढंग से रकबा की जानकारी अपलोड कर दी गई है। ऑनलाइन में किसी किसान के नाम पर ज्यादा रकबा दिखा रहा है तो किसी किसान के नाम पर शून्य दिखा रहा है। तकनीकी खामियों के कारण भुइयां सॉफ्टवेयर से किसानों को नुकसान हो रहा है। जानकारी अनुसार  सॉफ्टवेयर में राजस्व रिकार्ड ऑनलाइन किये गए हैं। अत: कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन रिकॉर्ड को देख सकता है। साथ ही जमीन के संबंध में संस्था का नाम डालने पर उसके स्थान पर प्रोप्राइटर का नाम आ जाता है।

इसी तरह फौती कटाने के बाद भी पुराने भू स्वामी का नाम दिखाई देता है। इसके अलावा एक ही खसरा नंबर में दो लोगों का नाम दिखा रहा है। ऐसे हजारों मामले इस सॉफ्टवेयर में है। लेकिन इन मामलों का निराकरण नहीं हो पा रहा है। गौरतलब है कि इसी तरह के मामलों को लेकर पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा भी तहसील दफ्तर में आवाज उठाते रहे हैं। लेकिन अधिकारियों को उनकी बात नहीं सुननी थी, नहीं सुनी। अब ऐन धान खरीदी के समय राजस्व रिकॉर्ड में रकबे में गड़बड़ी ने किसानों को परेशानी में डाल दिया है।

 किसान इसमें सुधार के लिए पटवारियों के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन अजीबोगरीब विकल्प के कारण पटवारी भी इसमें कोई मदद नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में किसानों की नाराजगी प्रक्रिया चल रही है। राजस्व न्यायालयों में प्रकरणों पर आदेश के तहत रिकॉर्ड को लेकर पटवारियों में फूट रही है। इस संबंध में राजस्व न्यायालयों के सख्त निर्देश हैं। लेकिन तकनीकी खामियों के कारण यह काम भी समय पर नहीं हो रहा है।

पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सोनी ने बताया कि भुइयां सॉफ्टवेयर में केवल एक परेशानी नहीं है। इस सॉफ्टवेयर में इतनी अधिक विसंगतियां है कि पटवारी ही नहीं किसान तथा भूमि स्वामी का काफी हलाकान होना पड़ रहा है। पिछले साल भर से इन विसंगतियों को सुधारने की मांग की जा रही है। लेकिन इस पर कोई संतोषजनक सुधार नहीं किया गया। आंदोलन के बाद सप्ताह भर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रयास किया गया था। लेकिन अब भी यह समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई हैं।


अन्य पोस्ट