महासमुन्द
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष की प्रेसवार्ता में चली थीं लाठियां, चाकू-रॉड लहराये
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,2 जनवरी। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ.सलीम राज की प्रेस कान्फ्रेंस में चली लाठियां, चाकू तथा राड लहराने के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है। हालांकि इनमें से किसी भी पक्ष के एक भी व्यक्तियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है।
मामले को लेकर नईम खान ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ.सलीम राज की प्रेस कान्फ्रेंस सर्किट हाउस में चल रही थी। तभी दरवाजा को धक्का देकर पूर्व सदर मोहम्म इशाक व साथियों ने बल पूर्वक सर्किट हाउस में प्रवेश किया।
प्रेस वार्ता समाप्त होते ही सर्किट हाउस का गेट बंद कर मो.इसाक चौहान, हमीद चौहान, जमील चौहान, शफीक चौहान, राशिद चौहान, मुस्तफा चौहान, मुजम्मील खान, सदाब चौहान, शाहनवाज चौहान, जफ र चौहान, सादीक चौहान ने गाली देकर रॉड, डण्डा, कुर्सी से डा. सलीम राज नवनियुक्त जामा मस्जिद के कार्यकारी अध्यक्ष हाजी मो.जमील चौहान, मो.युनुस राजवानी, जावेद चौहान, जाहिद चौहान एवं अन्य के साथ मारपीट की है। पुलिस ने मो.इसाक चौहान, हमीद चौहान, जमील चौहान, शफीक चौहान, राशिद चौहान, मुस्तफा चौहान, मुजम्मील खान, सदाब चौहान, शाहनवाज चौहान, जफर चौहान, सादीक चौहान पर एफ आईआर दर्ज की है।
दूसरे पक्ष के इशाक चौहान ने पुलिस को बताया कि सलीम राज के आगमन पर स्वामी चौक के पास स्वागत के लिए राशिद चौहान, शहनबाज चौहान, ओवैस रजा, वसीम मेमन और अन्य समाज के लोगों के साथ खड़े थे। तभी जमील चौहान, जावेद चौहान, नईम खान, नासीर खान आदि ने जामा मस्जिद महासमुंद के मुतवल्ली हाजी इशाक चौहान का कार्यकाल समाप्त होने पर बवाल किया। कहा कि हाजी जमील चौहान द्वारा वक्फ बोर्ड में गलत जानकारी देकर अपने आप को कार्यवाहक मुतवल्ली नियुक्त करवा लिया है। हाजी जमील चौहान मुस्लिम समाज का विवादित व्यक्ति है। उसके कार्यवाहक मुतवल्ली नियुक्त होने पर मुस्लिम समाज में रोष हो गया था।
इसी बात को लेकर उक्त व्यक्तियों ने गाली.गलौज करते हुए लाठी व रॉड से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इस शिकायत पर जमील चौहान, जावेद चौहान, नईम खान, नासीर खान एवं अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नईम चौहान की रिपोर्ट पर जहां पुलिस ने धारा 151-2, 191-2, 191-3, 296, 324-4, 351-2 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं इशाक चौहान की रिपोर्ट पर 115 -2, 191-2, 191-3, 296, 351-2, बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।