महासमुन्द

अयोध्या नगर-बेमचा के बीच 14 साल से बसे 19 परिवार को स्थायी बिजली कनेक्शन नहीं
31-Dec-2024 3:45 PM
अयोध्या नगर-बेमचा के बीच 14 साल से बसे 19 परिवार को स्थायी बिजली कनेक्शन नहीं

इंजीनियर ने 19 परिवारों के लिये 200 केव्ही का ट्रांसफार्मर लगाने 19 लाख का स्टीमेट बनाया

 आरोप-इंजीनियर झूठ बोलकर मुहल्लेवालों को गुमराह कर रहे 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 दिसंबर।
अयोध्या नगर तथा बेमचा के बीच 14 साल से बसे 19 परिवार के लोगों को वर्षों से स्थायी बिजली कनेक्शन के लिए हलाकान होना पड़ रहा है। अनेक बार आवेदन देने के बाद आज भी यहां बिजली की व्यवस्था नहीं हो पाई है। इंजीनियरों ने यहां स्थायी कनेक्शन के लिए पहले 8 से 9 लाख लगने की बात कही थी तथा 7 माह तक मोहल्लेवासियों को दफ्तर के चक्कर लगाने मजबूर करते रहे। अब महज 19 परिवारों के लिये यहां 200 केव्ही का ट्रांसफार्मर लगाने 19 लाख का स्टीमेट बना लिया है। 

मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि इंजीनियर द्वारा जान-बूझकर परेशान करने के उद्देश्य से वास्तविक लागत से दोगुना लागत नियम विरूद्ध इस्टीमेट बनाया है। इसकी शिकायत 19 परिवारों के लोगों ने अधीक्षण अभियंता से की है। अधीक्षण यंत्री को सौंपे ज्ञापन में उपभोक्ताओं ने कहा कि हम लोग कुशाभाऊ ठाकरे गार्डन के सामने वार्ड नंबर 18 वर्धमान नगर बेमचा महासमुंद में 2010 से रहते आए हैं। आज तक हमें बिजली का स्थाई कनेक्शन नहीं मिला है तथा अस्थायी कनेक्शन से परेशान हैं। 

उपभोक्ताओं के अनुसार शहरी क्षेत्र बिजली कार्यालय महासमुंद में खंभा गड़ाने संबंधी आवेदन 14 जून 2024 को दिया गया था तथा स्थायी बिजली कनेक्शन का फार्म दिनांक 20 जून 2024 को जमा किया गया था। इंजीनियर संजय भगत से 8-10 बार कार्यालय जाकर बिजली कनेक्शन को लेकर निवेदन किया लेकिन स्थल का निरीक्षण मोहल्ले के पार्षद द्वारा समस्या निवारण कैंप लगाए जाने पर आवेदन के दो माह बाद किया जा चुका है। आवेदन के 6 माह तक कार्य को करने में अधिकारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई और बार-बार केवल आश्वासन देते रहे।

इसकी शिकायत उच्च कार्यालय कार्यपालन अभियंता, संभाग छग स्टेट में 14 नवंबर 2024 को पुन: स्मरण आवेदन 9 दिसंबर 2024 को किया गया था। उक्त संबंध में कार्यालय से इस्टीमेट बनाने इंजीनियर ने स्थल निरीक्षण भी किया और कहा कि स्थल में खंभा गड़ाने में कोई समस्या नहीं है। इसके बाद इंजीनियर ने मौखिक कहा था कि इस्टीमेट पास होने उच्च कार्यालय जा चुका है। परंतु बाद में उच्च कार्यालय के संबंध में पूछने पर वह स्वयं कहने लगे कि इस्टीमेट ऐसे ही नहीं बन जाता। तब पता चला कि इंजीनियर झूठ बोलकर मोहल्लेवालों को गुमराह कर रहे हैं। उपभोक्ताओं ने पुन: स्थल निरीक्षण के अनरूप स्टीमेट बनाने तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम का पालन न करने वाले इंजीनियर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

मोहल्लेवालों ने विभाग में जाकर पता किया तो जानकारी मिली कि मोहल्ले के केवल 19 परिवार के लिए 200 केवी का ट्रासंफार्मर क्षमता व गली की लंबाई को बढ़ा-चढ़ाकर बिना नाप के अधिक दिखाते हुए पोल, तार व मजदूरी आवश्यकता से अधिक इस्टीमेट 19 लाख का बनाया गया है। अत: उपभोक्ताओं ने पुन: स्थल निरीक्षण आदेश देने, स्थाई इस्टीमेट बनाए जाने आखिरी बार आवेदन दिया। 

उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली केबल के भार से पोल बार-बार टूट जाता है। जिससे अनहोनी की आशंका है। पहले भी यहां दो केबल आपस में टकराकर शार्ट शर्किट होते आया है। उपरोक्त पते पर छोटे कर्मचारी व मजदूर स्तर के गरीब लोग रहते हैं जो अधिक राशि का भुगतान करने में असमर्थ हैं। इससे पहले इंजीनियर से स्थल निरीक्षण के पश्चात्त अनुमानित लागत राशि के बारे में पूछे जाने पर 8-10 लाख की राशि बताई गई थी। 

6 महीने गुमराह करने के बाद मापदंडों, नियमावली को दरकिनार करते हुए लागत राशि बढ़ाने के लिए 19 लाख का इस्टीमेट बनाया  है।
 


अन्य पोस्ट