महासमुन्द
प्रेसवार्ता से पहले चौक में स्वागत को लेकर भी झड़प हो चुकी थी, सदर की ओर से सुलह की कोशिशें जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 दिसंबर। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलीम राज की प्रेसवार्ता तथा स्वागत के दौरान सोमवार दोपहर मुस्लिम समुदाय के दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि सर्किट हाउस में लाठियां चली, चाकू लहराए गए। इस मारपीट में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है।
सूचना मिलने के बाद विलंब से पहुंची पुलिस टीम ने जैसे-तैसे स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया। रात साढ़े 8 बजे तक दोनों पक्षों के लोग सिटी कोतवाली में डटे रहे। प्रेस वार्ता से पहले चौक में स्वागत को लेकर भी झड़प हो चुकी थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार देर रात तक इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी। बल्कि मुस्लिम जमात के वरिष्ठ जन मामले की सुलह में जुटे थे। मिली जानकारी के अनुसार वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ.सलीम राज कल महासमुंद स्थित वक्फ समितियों के स्थल निरीक्षण एवं संस्था के कार्यों की समीक्षा को लेकर दोपहर 12.30 बजे महासमुंद पहुंचे थे। नए विश्राम गृह लभरा खुर्द में वे जमात के कुछ लोगों के साथ प्रेस कान्फ्रेंस ले रहे थे। प्रेस कान्फ्रेंस चल ही रही थी कि अचानक उनके स्वागत के दौरान मुस्लिम जमात के दो गुटों की आपस में झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि लाठियां और चाकू निकल गये। इस मारपीट में 4 लोगों को जहां गंभीर चोटें आई, वहीं अनेक लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व में इशाक चौहान समाज के सदर थे। लगभग 4-5 माह पूर्व ही उनका कार्यकाल समाप्त हुआ है। बताया गया कि पूर्व सदर द्वारा आय-व्यय की जानकारी हिसाब नहीं दिया गया था, न ही चुनाव की घोषणा की जा रही थी। समुदाय के कुछ लोग लगातार चुनाव को लेकर सवाल करते रहे। हिसाब नहीं देने की वजह से चुनाव पेंडिंग था।
बताया गया कि सदर का चुनाव वक्फ बोर्ड के अधीन होता है। अत: वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने जब तक चुनाव नहीं हो जाता, तब तक जमील चौहान उर्फ राजू को कार्यकारी के तौर पर सदर नियुक्त किया था।
इसी बात को लेकर कल डॉ. सलीम राज के पास दोनों पक्षों के लोग पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपस में विवाद हुआ तथा गाली-गलौच, मारपीट की स्थिति निर्मित हुई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि चाकू, राड तथा डंडे से एक-दूसरे पर वार करने लगे। घटना में जमील चौहान उर्फ राजू, जावेद चौहान, नइम खान, रासिद चौहान को सिर, हाथ, पीठ में चोटें आई है। वहीं दर्जन भर लोग घायल हुए हैं। विवाद को लेकर अभी भी सुलह का प्रयास किया के जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस घटना के पूर्व स्वामी चौक में भी हल्की झड़प हुई थी तथा वर्तमान प्रभारी सदर से लोग नाराज थे। ऐसे में जब एक समूह भीतर प्रेसवार्ता ले रहा था, तभी दूसरा समूह भीतर गया और विवाद हो गया। प्रेसवार्ता पूरे होने से पहले ही भीतर बैठे गुट को बाहर पहुंचे लोगों के आने की खबर मिल गई थी। पत्रकारवार्ता को अधूरा छोड़ भीतर के लोग जब बाहर निकलने लगे तो बाहर खड़े दूसरे गुट के लोगों ने उन पर हमला शुरू कर दिया। दूसरे गुट के लोग सर्किट हाउस के बाहर अपने लोगों के साथ छोटा हाथी में रॉड, तलवार, लाठियां लेकर पहुंचा था।
अत: जैसे ही भीतर के लोग बाहर निकले लाठियां, डंडे और चाकू चलने शुरू हो गए। यह देख मौके पर उपस्थित लोग अपने आपको बचाने भागे। प्रेस कान्फ्रेंस में पहुंचे पत्रकार भी स्थिति खराब होते देख वहां से निकल गए।